यूपी: प्रदेश में लौटी गर्मी, झांसी और प्रयागराज रहे सबसे गर्म जिले; 40 डिग्री पारा हो जाने की चेतावनी जारी
Weather in UP: यूपी में कुछ समय की राहत के बाद गर्मी लौट आई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पारा 40 तक जा सकता है।
विस्तार
मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल गया है। एक दिन में ही प्रदेश में 2-4 डिग्री तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अब गर्मी का दौर शुरू होगा और एक सप्ताह के भीतर ही तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। शनिवार को 30-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा की वजह से काफी हद तक राहत मिली लेकिन सोमवार से हवा की रफ्तार धीमी होने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी होती रहेगी।
तीन-चार दिन पहले तक बारिश-आंधी की वजह से प्रदेश भर में मौसम काफी खुशगवार हो गया था और तापमान में 8 डिग्री तक की कमी दर्ज की गई थी। अप्रैल के महीने में नवंबर जैसा अहसास कराने के बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में मौसम शुष्क होने के बाद पिछले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में औसतन 6-8 डिग्री की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई लेकिन ज्यादातर जिलों में तापमान अब भी सामान्य से नीचे बना हुआ है।
रविवार से रुक जाएंगी हवाएं
दिन में 30-50 किमी प्रति घंटा की गति से चल रहीं तेज पछुआ हवाओं का दौर 12 अप्रैल के कम होने के आसार हैं। अगले एक एक सप्ताह में प्रदेश में कोई भी सक्रिय मौसम तंत्र न होने के कारण मौसम शुष्क बना रहने से तापमान में 4-6 डिग्री की संभावित क्रमिक वृद्धि जारी रहेगी। इसके परिणामस्वरुप राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश में अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री के स्तर को पार कर जाने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को प्रदेश में 2-4 डिग्री तक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अब यह बढ़ोतरी लगातार जारी रहने का अनुमान है। शनिवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की वजह से लोगों ने राहत महसूस की। कुछ जगह धूल भरी आंधी भी चली। अब धीरे-धीरे हवा की रफ्तार कम होगी और तापमान में वृद्धि का क्रम शुरू होगा। मौसम विभाग के अनुसार, एक सप्ताह के भीतर अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।
झांसी और प्रयागराज में सबसे ज्यादा तापमान
प्रदेश में तापमान के बढ़ने के क्रम में शनिवार को सबसे ज्यादा गर्म झांसी और प्रयागराज रहे जहां अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री दर्ज किया गया। वाराणसी और उरई में भी अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री दर्ज किया गया जबकि सुल्तानपुर में 37.2, आजमगढ़ और गाजीपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहा।
अब गर्मी निकालेगी पसीना, 24 घंटे में बढ़ा 3.2 डिग्री तापमान
गर्मी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी में शनिवार को आसमान साफ और तेज धूप के बीच अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री तक पहुंच गया। केवल 24 घंटे के भीतर ही अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि इस दौरान तेज रफ्तार से चली हवा की वजह से गर्मी का असर कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार पहुंच सकता है।
पिछले दिनों नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुई बारिश के साथ ही तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई थी। अप्रैल के महीने में भी नवंबर का अहसास हुआ था लेकिन उसके बाद 9 अप्रैल से धीरे-धीरे तापमान में हो रही क्रमिक वृद्धि शनिवार को 35.3 डिग्री तक पहुंच गई।
सुबह हवा में नरमी की वजह से मौसम सुहाना रहा लेकिन जैसे-जैसे धूप बढ़ती गई तापमान में भी बढ़ोतरी होती गई। इस दौरान दिन में तापमान तो बढ़ा लेकिन 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली पछुआ और झोकों की वजह से लोगों ने राहत महसूस की। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार से हवा की रफ्तार कम होगी और तापमान में क्रमिक वृद्धि जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने के आसार जताए जा रहे हैं।
अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तापमान में क्रमिक वृद्धि के बावजूद अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम ही हैं। पिछले तीन दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी महसूस की जा रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम रहा। इससे ठीक एक दिन पहले 10 अप्रैल को अधिकतम तापमान 32.1 और न्यूनतम 17 डिग्री रहा। 9 अप्रैल को अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री रहा।