यूपी: मानसून में आई तेजी, आज से इन जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट; इस शहर में हुई सबसे ज्यादा बरसात
Weather in UP: यूपी के मौसम में बारिश का असर बढ़ता जा रहा है। मानसून का असर अब धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में हो रहा है। कई जिलों में आज भारी बारिश हो सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश में मंगलवार को मानसूनी बारिश ने जोर पकड़ा। । पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी तराई तक कई जिलों में अच्छी बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। बारिश के चलते कई इलाकों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
सबसे अधिक 70 मिमी बारिश सोनभद्र में हुई। इसके अलावा ललितपुर में 69 मिमी, प्रयागराज में 58 मिमी और मिर्जापुर में 50 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बरेली, बिजनौर, रामपुर, सहारनपुर, शामली, मेरठ और पीलीभीत समेत कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा और फिरोजाबाद समेत 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 जुलाई तक अच्छी मानसूनी बारिश के आसार हैं। वहीं, पूर्वी यूपी में अगले दो दिन बारिश की रफ्तार कुछ धीमी रह सकती है, लेकिन 10 से 13 जुलाई के बीच पूर्वी यूपी और तराई क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, लगातार बारिश के असर से अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से और राहत मिलेगी।
बदली, बूंदाबांदी ने दिलाई गर्मी और उमस से राहत
राजधानी में मंगलवार को दिनभर मौसम सुहाना बना रहा। सुबह से दोपहर तक बादलों की आवाजाही रही, जबकि दोपहर बाद कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 10 जुलाई तक शहर में छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं। इसके बाद झमाझम बारिश होगी। मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस घटकर 34.4 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मानसून और सक्रिय होने के संकेत हैं।