UP: दरोगा की पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत, भाई बोला- ससुराल वालों ने जहर देकर मार डाला, परेशान रहती थी बहन
लखनऊ के पारा क्षेत्र में दरोगा की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर प्रताड़ना और जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण का खुलासा होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पारा के बुद्धेश्वर के जाहिद नगर में बृहस्पतिवार रात कैंट थाने में तैनात दरोगा अवनीश कुमार की पत्नी विनीता (35) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल वालों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना व जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। भाई ने पारा थाने में पति, सास, देवर और देवरानी के खिलाफ लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस कुछ लोगों से पूछताछ भी कर रही है।
इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह के अनुसार मूलरूप से मेरठ के टीमकिया गांव निवासी दरोगा अवनीश कुमार पत्नी विनीता, बेटे कार्तिक के साथ रहते हैं। विनीता के भाई विनय का आरोप है कि बहन को काफी समय से ससुराल वाले मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
आरोप है कि दरोगा पति अवनीश शराब के नशे में अक्सर विनीता के साथ मारपीट करते थे। विनीता ने कई बार मायके वालों को फोन कर इसकी जानकारी दी थी। मायके वालों ने अवनीश को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस विभाग में होने का रौब दिखाकर उन्हें चुप करा देता था।
मां को फोन कर प्रताड़ना की बात बताई और कट गया फोन
भाई विनय के मुताबिक, बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे विनीता ने मां को फोन कर बताया की ससुराल वाले काफी प्रताड़ित कर रहे हैं। इसके बाद फोन कट गया। करीब एक घंटे बाद ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों ने विनय को फोन कर बताया विनीता की हालत गंभीर है और उसे ठाकुरगंज स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर मायके वाले गाजियाबाद के मोदीनगर स्थित शकूरपुर से लखनऊ पहुंचे तो पता चला कि विनीता की मौत हो चुकी है। विनय के मुताबिक अस्पताल में ससुराल पक्ष का कोई मौजूद नहीं था।
बेटे ने बताया पिता के घर आने के बाद हुआ विवाद
विनीता के बेटे कार्तिक ने बताया शाम करीब सात बजे पिता शराब के नशे में घर लौटे थे। इसके बाद पिता और मां के बीच विवाद और मारपीट होने लगी। वह आहत होकर ऊपर कमरे में चला गया। इसके बाद क्या हुआ, उसे जानकारी नहीं है।
जहरीला पदार्थ देकर हत्या का आरोप
मायके वालों ने आरोप लगाया पति, सास, देवर और देवरानी लंबे समय से विनीता को प्रताड़ित कर रहे थे। भाई ने आरोप लगाया मानसिक प्रताड़ना देने के बाद विनीता को जहरीला पदार्थ देकर मार दिया गया। मामले में चारों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया मामले की जांच की जा रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पता चल सकेगी।