ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे नरकोटा में पहाड़ी से हुए भूस्खलन के कारण दस घंटे तक बंद रहा। उधर, तिलवाड़ा-मयाली-चिरबटिया-घनसाली राज्य मोटर मार्ग पर 12वें दिन भी यातायात संचालित नहीं हो पाया। शनिवार को सुबह दस बजे ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पहाड़ी से गिरे पत्थर व मलबे के कारण बंद हो गया।
बदरीनाथ हाईवे दस घंटे बाद खुला: पहाड़ी से गिरता मलबा- बोल्डर बना मुसीबत, कर्णप्रयाग में पुस्ते ध्वस्त, तस्वीरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य का जिम्मा गौचर से हेलंग तक एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास निगम) और हेलंग से माणा तक सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के पास है। हेलंग तक करीब नब्बे फीसदी चौड़ीकरण और डामरीकरण कार्य हो गया है। यहां चटबापीपल, पंचपुलिया, कालेश्वर, लंगासू, बाजपुर, क्षेत्रपाल, बिरही चाड़ा, चमोली चाड़ा, कौड़िया, पाखी और हेलंग में दीवार निर्माण, कॉजवे और चट्टान कटिंग कार्य चल रहा है। मारवाड़ी से कंचनगंगा तक अभी हिल कटिंग कार्य चल रहा है। कहीं पुस्तों का निर्माण हो रहा है।
इस बरसात में बदरीनाथ हाईवे को भारी नुकसान हुआ है। कर्णप्रयाग में हाईवे का करीब 30 मीटर हिस्सा ध्वस्त हो गया है। पुरसाड़ी में भी पुल के समीप सीमेंट का पुश्ता टूट चुका है। यहां डामरीकरण कार्य भी पूर्ण हो गया था। लामबगड़ के समीप बेनाकुली में भी करीब 20 मीटर का सीमेंट का पुस्ता भारी बारिश के दौरान टूट गया है।
इन जगहों पर भारी वाहनों की आवाजाही मुश्किल से हो पा रही है। पाखी से टंगणी के बीच कई जगहों पर हाईवे धंस गया है। मारवाड़ी से टैय्या पुल तक हाईवे बेहद तंग हालत में पहुंच गया है। यहां बीआरओ की ओर से हिल कटिंग की गई। बरसात में चट्टानी भाग से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर हाईवे पर आने से हाईवे बेहद संकरा हो गया है। बाजपुर में भी हिल कटिंग से हाईवे खस्ता हालत में है। लोगों का कहना है कि एनएच की ओर से अनियोजित कटिंग की जा रही है, जिससे पहाड़ियां धंस रही हैं। करोड़ों के पुश्तों का निर्माण में भी गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया है।
ये भी पढ़ें...और तोड़ दिया नवजात ने दम: दुनिया में आंखें खोलने से पहले ही आई मौत, हेलिकॉप्टर का इंतजार करता रह गया परिवार
बदरीनाथ हाईवे पर जहां-जहां ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत चट्टान और पहाड़ियों पर कटिंग हुई है, वहां चटख धूप में पत्थर छिटक रहे हैं। बिरही चाड़ा में चट्टान पर हाल में कटिंग हुई है, यहां रह-रहकर पत्थर हाईवे पर गिर रहे हैं। इससे कई वाहनों के शीशे भी चकनाचूर हो गए हैं।
बरसात में कई बड़े प्रोजेक्ट धराशायी हो जाते हैं। बदरीनाथ हाईवे पर जहां-जहां नुकसान हुआ है, उसे ठीक करवा लिया जाएगा। ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य पूर्ण होने के चार साल तक हाईवे की मेंटिनेंस का जिम्मा ठेकेदार के पास रहेगा। हाईवे को सुरक्षित और सुगम बनाने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
-संदीप कार्की, जनरल मैनेजर, एनएचआईडीसीएल, नंदप्रयाग, चमोली