हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में नशीली दवाओं का सेवन करने वालों के खिलाफ आवाज उठाने वाले नेता और अभिनेता रवि किशन के बयान पर निर्माता और निर्देशक अनुराग कश्यप ने सबसे तीखा हमला बोला है। वैसे तो संसद में ही समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन उनके बयान पर काफी कुछ कह चुकी हैं, लेकिन जया के बयान के बाद मामला असली मुद्दे से भटककर फिर से वंशवाद पर पहुंच गया। जया बच्चन ने संसद में उन पर एहसान फरामोश होने का आरोप लगाया। जया बच्चन ने कहा था कि कुछ लोगों की वजह से आप पूरी इंडस्ट्री की छवि खराब नहीं कर सकते हैं।
अनुराग कश्यप बोले- 'रवि किशन भी गांजा पीते थे, अब नेता बनने के बाद शायद छोड़ दिया होगा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दोनों के इस बयान के बाद बॉलीवुड दो हिस्सों में बंट गया है। कोई रवि किशन और कंगना रणौत का समर्थन कर रहा है तो कोई जया बच्चन की तरफदारी कर रहा है। अनुराग कश्यप ने जया बच्चन का समर्थन करते हुए रवि किशन और कंगना रणौत पर हमला बोला है। निर्देशक अनुराग कश्यप ने अपनी एक फिल्म का किस्सा सार्वजनिक करते हुए रवि किशन को कायदे से लपेटा है।
एक इंटरव्यू में अनुराग कश्यप ने कहा है कि रवि किशन ने उनकी पिछली फिल्म 'मुक्काबाज' में काम किया और उनका दिन जय शिव शंकर, जय बम भोले कहने से शुरू होता है। वह जय शिव शंभू बोलते हैं और उन लोगों में से हैं जो खूब गांजा पीते हैं। इस बात को हर कोई जानता है। पूरी दुनिया जानती है। एक कोई अकेला आदमी भी फिल्म इंडस्ट्री में नहीं होगा जिसे न पता हो कि रवि किशन धूम्रपान करते हैं। हो सकता है कि उन्होंने अब छोड़ दिया हो।
हालांकि, अनुराग ने यह भी कहा कि वह गांजे को ड्रग्स के रूप में नहीं देखते। वह कहते हैं कि उन्होंने कभी रवि के बारे में कोई राय नहीं बनाई और न ही उन्होंने गांजे को ड्रग्स के रूप में देखा है। वह धूम्रपान करते हैं लेकिन साथ ही वह काम करते हैं और बहुत अच्छा काम करते हैं। यह चीज उन्हें कभी विचलित नहीं करती और न ही उन्होंने इसके चलते कोई गलत व्यवहार किया है। वह वैसा बिलकुल नहीं करते जैसा ड्रग्स का सेवन करने वाले लोग करते हैं। अनुराग कहते हैं कि जब रवि इस बारे में बात करते हैं और इस पर अपनी राय देते हैं तो उन्हें इस चीज से दिक्कत होती है।
रवि किशन ने लोकसभा में फिल्म इंडस्ट्री में ड्रग्स के इस्तेमाल का मुद्दा उठाया था और इस दिशा में कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान और चीन से मादक पदार्थों की तस्करी हो रही है और यह देश की युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रही है। हमारे फिल्म इंडस्ट्री में भी यह पहुँच चुका है और एनसीबी इसकी जाँच कर रही है।