हिंदी सिनेमा के बेहतरीन कलाकार इमरान हाशमी को दुनिया सीरियल किसर के नाम से भी जानती है। जब बॉलीवुड में किसिंग सीन का ट्रेंड शुरू हुआ तो इमरान के नाम ऐसी कई फिल्में आईं जिनमें उन्होंने कई किसिंग सीन दिए। इमरान हाशमी का पूरा नाम सैयद इमरान अनवर हाशमी है। बॉलीवुड में इमरान ने कई शानदार फिल्में दी हैं। फिल्मों में इमरान के किरदार हमेशा सुर्खियों में रहते हैं यही वजह है कि इमरान हाशमी अपने अलग-अलग किरदारों के लिए जाने जाते हैं। लेकिन ये बात बहुत कम लोग जानते हैं कि फिल्मी बैकग्राउंड से आना वाला एक ऐसा लड़का, जिसे उसकी पहली फिल्म से निकाल बाहर कर दिया गया था। हालांकि, इस घटना के लगभग छह साल बाद इस भारतीय अभिनेता की फिल्म देखने के लिए पाकिस्तान के सिनेमाघरों में भगदड़ मच गई थी।
किस्सा: इस फिल्म को देखने के लिए पाकिस्तान के थिएटर्स में मच गई थी भगदड़
इमरान हाशमी की पहली फिल्म ‘फुटपाथ’ बहुत बड़ी हिट तो नहीं रही, लेकिन फिल्म ने अपनी लागत वसूल ली थी। वहीं, इमरान की दूसरी फिल्म ‘मर्डर’में मल्लिका के साथ फिल्माए गए किसिंग सीन्स हाइलाइट में रहे। 'मर्डर' 2004 की सबसे बड़ी हिट मानी गई। इसी फिल्म के बाद इमरान को ‘सीरियल किसर’ कहा जाने लगा। इस कड़ी में इमरान ने ‘जहर’, ‘आशिक़ बनाया आपने’, ‘अक्सर’ और ‘गैंगस्टर’ जैसी फिल्मों में काम किया। वहीं, जब 2008 में उनकी फिल्म 'जन्नत' आई। इस फिल्म ने इमरान को टॉप स्टार्स की लीग में लाकर खड़ा कर दिया। मैच फिक्सिंग पर बेस्ड इस फिल्म में इमरान ने एक बुकी का रोल किया था। इस फिल्म के प्रपोजल सीन का सेपरेट फैनबेस है। जब ये फिल्म पाकिस्तान में रिलीज़ हुई, तब लाहौर के एक सिनेमाघर में इसे देखने के लिए भगदड़ मच गई।
अभिनेता के तौर पर पहचान बना चुके इमरान हाशमी कभी एक्टर बनना ही नहीं चाहते थे। वो एनीमेशन के फील्ड में अपना करियर बनाना चाहते थे। इमरान भले ही बॉलीवुड में नहीं आना चाहते थे लेकिन बॉलीवुड से उनका करीबी रिश्ता था। महेश भट्ट उनके अंकल हैं और उन्हीं के कहने पर उन्होंने राज और कसूर जैसे फिल्मों के लिए असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया। इसी दौरान महेश भट्ट ने उन्हें एक्टिंग की सलाह दी।
इमरान ने भट्ट कैंप की फ़िल्म, ‘फुटपाथ’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फ़िल्म 2003 में आई थी और इसमें इमरान ने सपोर्टिंग एक्टर का किरदार निभाया। इसके बाद इमरान ने फिल्म मर्डर में काम किया जिसने उनके करियर को सही रास्ते पर ला दिया और वो लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुए।
इमरान हाशमी ने राज 3, मर्डर, कलयुग जैसी अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में अपना हाथ आजमा कर साबित किया है, कि वह किसी भी तरह का किरदार आसानी से कर सकते हैं। हिंदी सिनेमा में की गई मुट्ठीभर फिल्मों में ही उन्हें खूब सराहना मिल चुकी है। वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई, शंघाई जैसी फिल्मों में बेहतरीन अभिनय के दम पर उन्होंने तीन बार फिल्मफेयर अवार्ड के लिए नामांकन प्राप्त किया है।