बॉलीवुड के डांसिंग सेंसेशन और बेहतरीन अभिनेता गोविंदा और उनके भांजे कृष्णा अभिषेक के बीच की लड़ाई किसी से छिपी नहीं है। माम-भांजे के बीच का यह विवाद गोविंदा के एक शो में न आने से हुआ था, जिसमें कृष्णा भी काम कर रहे थे। यह बात मशहूर कॉमेडियन कृष्णा की पत्नी को हजम नहीं हुई और दोनों के परिवारों में तलवारें खिंच गईं। दोनों परिवार की तरफ से अब तक कई बयान सामने आ चुके हैं, जिसकी वजह से इनके बीच की दरार और बढ़ती जा रही है। लेकिन हाल ही में कृष्णा ने कुछ ऐसा कहा, जिसे सुन माम गोविंदा अपने आप को जवाब देने से रोक नहीं पाए। कृष्णा की बात पर गोविंदा का रिएक्शन बहुत वायरल हो रहा है।
Govinda-Krushna Abhishek: कृष्णा की माफी पर गोविंदा ने तोड़ी चुप्पी, क्या कॉमेडियन का प्यार देख पिघल गए मामा ?
कृष्णा ने मांगी माफी
पिछले काफी समय से कृष्णा और गोविंदा के बीच चल रहे विवादों की वजह इनके बीच कड़वाहट पैदा हो गई है। दोनों एक-दूसरे से सीधे मुंह बात भी नहीं करते हैं। लेकिन पिछले महीने, मनीष पॉल के एक पॉडकास्ट शो में कृष्णा ने अपने मामा को याद करते हुए एक भावुक बयान दिया। कृष्णा का कहना है कि 'मीडिया उनके बयानों को हमेशा तोड़-मरोड़ कर पेश करती है। मैं मानता हूं कि मेरी वजह से उनके जीवन में बहुत कुछ गलत हो रहा है। लेकिन मैं उन्हें आज भी बहुत याद करता हूं।' बता दें कि कृष्णा गोविंदा कि दिवंगत बहन पद्मा के बेटे हैं और दोनों ने कई शोज में साथ काम किया है।
गोविंदा ने कुछ इस तरह किया रिएक्ट
कृष्णा ने मनीष पॉल के शो में अपनी भावनाओं को सभी के सामने व्यक्त कर यह बता दिया कि वह मामा से अपने संबंध सुधारना चाहते हैं। लेकिन गोविंदा को कृष्णा की यह माफी सिर्फ चिकनी-चुपड़ी बाते लगीं। गोविंदा ने कृष्णा के इस बयान का जवाब देते हुए कहा,"अगर ऐसा है तो कृष्णा इस प्यार को ऑफ-कैमरा भी दिखने दो। तुम एक अच्छी परवरिश के साथ पले बढ़े लड़के हो और यह बात नजर भी आती है। लेकिन तुम्हें यह जानने की जरूरत है कि लेखकों द्वारा तुम्हारा इस्तेमाल किया जा रहा है। तुम्हें पता होना चाहिए कि खुद को कितना इस्तेमाल होने देना है।" अब गोविंदा के इस जवाब पर कृष्णा क्या प्रतिक्रिया देते हैं, यह देखना बहुत ही दिलचस्प होने वाला है।
कहां से शुरू हुआ था झगड़ा
कृष्णा और गोविंदा के बीच का विवाद कश्मीरा शाह के एक ट्वीट से शुरू हुआ था। कृष्णा एक शो कर रहे थे, जिसमें आने के लिए पहले गोविंदा ने मना कर दिया था। लेकिन कृष्णा के मनाने के बाद अभिनेता ने हां कर दी। इसी दौरान कॉमेडियन की पत्नी कश्मीरा ने एक ट्वीट किया, जिसमें लिखा कि 'कुछ लोग पैसों के लिए डांस करते हैं।' गोविंदा की पत्नी सुनीता को लगा कि कश्मीरा का यह ट्वीट उनके परिवार के लिए है, जिसके बाद से ही दोनों परिवार के बीच तनाव शुरू हो गया। कश्मीरा और सुनीता ने एक-दूसरे के खिलाफ खूब बयान दिए।