हमेशा अपनी फिल्मों की कामयाबी और बॉक्स ऑफिस पर मिलने वाली सफलता को लेकर सुर्खियां बटोरने वाले अक्षय कुमार पिछले काफी समय से अपने खराब करियर ग्राफ को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार की आखिरी तीनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी और उसका खामियाजा मेकर्स के साथ-साथ अक्षय को भी भुगतना पड़ रहा है। इंडस्ट्री के सुपरस्टार को लगातार सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन अपनी पिछली फिल्मों को पीछे डालते हुए इस समय वह अपनी अगली रिलीज होने वाली फिल्म 'रक्षाबंधन' पर पूरा फोकस कर रहे हैं। अक्षय इस फिल्म का जोरों-शोरों से प्रमोशन करने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में अभिनेता बीते शुक्रवार को इंदौर पहुंचे थे, जहां उन्होंने बहुत से कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और इसके साथ ही मीडिया से भी रूबरू हुए।
Raksha Bandhan: इंदौर से बहनों के लिए तोहफे लेकर लौटे अक्षय, पोस्ट साझा कर फैंस के लिए कही बड़ी बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंदौर वासियों से पूछी खाने की फेमस चीजें
पिछले कई दिनों से अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रक्षाबंधन' के प्रमोशन की तैयारियों में जुटे अक्षय ने कुछ ही दिन पहले पोस्ट साझा करके इंदौर वासियों को अपने वहां आने की जानकारी दी थी। इतना ही नहीं अक्षय ने वहां पहुंचने से पहले इंदौर के लोगों से वहां की पॉपुलर खाने की चीजों के बारे में भी जानकारी मांगी थी। ऐसे में सोशल मीडिया पर अभिनेता को बहुत सारे सजेशन मिले थे, जिनके मुताबिक उन्होंने अपना पूरा प्रमोशन इवेंट प्लान किया था। अक्षय ने वहां पहुंचकर स्कूली बच्चों से बातचीत की और उनके साथ खूब डांस भी किया। अभिनेता के साथ फिल्म की पूरी टीम भी वहां मौजूद थी। इसके बाद अक्षय और फिल्म में उनकी बहनों का किरदार निभाने वाली चारों अभिनेत्रियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की, जिसमें अभिनेता ने फैंस को फिट रहने के टिप्स भी दिए।
शॉपिंग करने पहुंचे अक्षय
मीडिया और बच्चों से मिलकर बातचीत करने के बाद अभिनेता अक्षय कुमार शॉपिंग करने और खाने पीने के लिए निकले। अभिनेता को लोगों के द्वारा मिले सैकड़ों सजेशन्स के हिसाब से इंदौर के प्रसिद्ध एरिया 56 पहुंचे, जहां खाने-पीने की पूरी 56 दुकानें हैं। वहां अक्षय के सैकड़ों फैंस उनका इंतजार कर रहे थे। लेकिन भीड़ के कारण अक्षय मार्केट पहुंचकर भी कुछ खा नहीं पाए और वहीं से एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। हालांकि, वहां के व्यापारियों ने अभिनेता को इंदौर की प्रसिद्ध मिठाइयां और नमकीन उपहार में दी। इन्हीं उपहारों को लिए अक्षय ने अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए इंदौर वासियों को धन्यवाद कहा। अक्षय ने लिखा, 'इंदौर, खाने के सारे सुझावों के लिए धन्यवाद। एक बात तौ तय है कि सारे इंदौर वासियों को उनके खाने से बहुत प्यार है। अब कुछ मैं अपनी बहनों के लिए लेकर जा रहा हूं।'
आमिर से होगी टक्कर
अक्षय की फिल्म 'रक्षाबंधन' 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म की टक्कर आमिर खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' से होने जा रही है। फिल्म की कहानी की बात करें तो, 'रक्षाबंधन' की कहानी चार बहनों और उनके भाई के इर्द-गिर्द घूमती है। भाई के ऊपर अपनी चार बहनों की शादी की जिम्मेदारी है, जिसे पूरा करने के लिए वह कुछ भी करने के लिए तैयार है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ लीड रोल में अभिनेत्री भूमि पेडनेकर नजर आएंगी।