गोरखपुर जिले में कोरोना की तीसरी लहर खत्म होने के कगार पर है। इस लहर में पहली बार रविवार को 24 घंटे में मरीजों की संख्या शून्य पर आई है। राहत की बात यह है कि स्वस्थ होने वालों की संख्या नौ रही है। इसके बाद से सक्रिय मरीजों की संख्या 241 से घटकर 232 हो गई है।
कोरोना: गोरखपुर में तीसरी लहर में संक्रमितों की संख्या पहली बार हुई शून्य, नहीं मिला एक भी संक्रमित
जानकारी के मुताबिक, जिले में 24 दिसंबर 2021 को संक्रमितों की संख्या शून्य थी। तीसरी लहर में पहला केस 25 दिसंबर को मिला था। स्वास्थ्य विभाग उसी दिन को कोरोना की तीसरी लहर भी मनाता है। इसके बाद से लगातार कोरोना मरीज मिलते रहे हैं।
तीसरी लहर में सबसे अधिक 245 मरीज एक दिन में मिले थे। उसके बाद से लगातार मरीजों की संख्या कम होती गई। फरवरी अंत आते-आते मरीजों की संख्या इक्का-दुक्का पहुंच गई है। इस बीच रविवार को पहली बार 24 घंटे में एक भी संक्रमित नहीं मिले। इस पर विभाग ने राहत की सांस ली।
कोरोनारोधी टीके का दिखा असर
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि लोग जागरूक हुए हैं। कोरोनारोधी टीका का असर है कि लोग संक्रमित भी हुए तो ज्यादा खतरा नहीं हुआ। इसका असर यह है कि कोरोना की तीसरी लहर खत्म हो चुकी है। पहली लहर से लेकर अब तक जिले में 66,774 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 65,684 लोगों ने कोरोना को मात दी है। 858 की मौत हो चुकी है। उन्होंने बचाव की अपील की है।
दो हजार से अधिक लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान में रविवार को दो हजार से अधिक लोगों को टीका लगाया गया। इसमें पांच सौ से अधिक लोगों को पहली डोज लगाई गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एएन प्रसाद ने बताया कि इसके बाद से कुल टीकाकरण का आंकड़ा 67 लाख 57 हजार हो गया है। इसमें पहली डोज वालों की संख्या 38 लाख 22 हजार और दूसरी डोज वालों की संख्या 28 लाख 75 हजार से अधिक हो पहुंच गई है।