पति की दीर्घायु के लिए रखा जाने वाला करवाचौथ शुक्रवार को श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया। महिलाओं ने दिनभर निर्जल व्रत रख शाम को शिव परिवार की पूजा कर चांद का दीदार कर अर्घ्य दिया और पति के लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान हर तरफ करवाचौथ का उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने घरों के साथ ही कई जगहों पर सामूहिक पूजा की।
चांद का दीदार कर दिया अर्घ्य, मांगी पति की लंबी उम्र, तस्वीरों में देखें करवाचौथ की धूम
व्रत के लिए महिलाओं ने पहले से ही तैयारी कर ली थी। भोर में महिलाओं ने सरगई खाकर अखंड सौभाग्य की कामना की। पूजन कक्ष की दीवार पर और आंगन में चावल को पीसकर उसमें करवा रखा। इसके बाद चंद्रमा, शिव, पार्वती, कार्तिकेय आदि के चित्र बनाए और गौरी गणेश बनाकर उनकी स्थापना की गई।
सुहाग के प्रतीक वस्तुओं के चित्र भी बनाए। उसके बाद महिलाओं ने धातु एवं मिट्टी का करवा, दीया, सीक चावल आटे का बना फरा आदि से विधि विधान से पूजन कर करवाचौथ की कथा सुनी। शुभ मुहूर्त रात्रि सात बजकर 57 मिनट पर जैसे ही चंद्रोदय हुआ व्रती महिलाओं ने चलनी से चंद्र दर्शन किए और उन्हें अर्घ्य दिया। सुहागिन ने पति के साथ ही घर के बड़े बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर आर्शीवाद लिया। अंत में पति के हाथों पानी पीकर व्रत का पारण किया।
गुरुद्वारे और मंदिरों में जुटी महिलाएं
करवाचौथ पर शहर के पैडलेगंज और जटाशंकर गुरुद्वारे में बड़ी संख्या में महिलाएं पूजन करने पहुंची। इसके साथ ही शहर के प्रमुख मंदिरों एवं अपार्टमेंट में भी महिलाओं ने एकत्रित होकर सामूहिक पूजा अर्चना की।
ब्यूटी पार्लर और बाजार में रही भीड़
करवाचौथ के दिन ब्यूटी पार्लर के साथ ही बाजारों में महिलाओं के भारी भीड़ नजर आई। कई महिलाओं ने करवा चौथ पर तैयार होने के लिए पहले से बुकिंग करा रखी थी। इसके साथ ही बड़ी संख्या में महिलाएं बाजार में कपड़े, ज्वेलरी एवं पूजन सामग्री की खरीदारी करते नजर आई।