हृदय की सेहत को फिट रखना मौजूदा समय के सबसे बड़े चैलेंज में से एक है। पिछले कुछ वर्षों, विशेषकर कोविड-19 के बाद से जिस तरह से हृदय रोगों के मामलों में तेजी से उछाल दर्ज किया गया है, वह निश्चित ही डराने वाला है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि जिस तरह से कम उम्र के लोगों में हृदय की गंभीर बीमारियों का जोखिम तेजी से बढ़ता जा रहा है इसे लेकर सभी लोगों को सावधान हो जाने की आवश्यकता है। हम सभी को उन उपायों को तुरंत अपनाना शुरू कर देना चाहिए जिससे हृदय रोगों के जोखिम कारकों को कम करके शरीर के इस सबसे महत्वपूर्ण अंग को स्वस्थ रखा जा सके।
World Heart Day 2022: आहार पर ध्यान रखकर हृदय की सेहत को रख सकते हैं फिट, जानिए क्या खाएं-क्या नहीं?


आहार पर रखें विशेष ध्यान
हृदय रोग विशेषज्ञ कहते हैं, आप कितना खाते हैं, इस सवाल से अधिक आवश्यक है कि आप क्या खाते हैं? हम सभी के आहार में कई ऐसी चीजें जाने-अनजाने शामिल हैं जो हृदय रोगों के खतरे को बढ़ा सकती हैं। प्रोसेस्ड, जंक-फास्ट फूड का बढ़ता सेवन इसके लिए फिलहाल सबसे बड़ा खतरा है। इसके अलावा कुछ खाद्य पदार्थों को रक्तचाप, ट्राइग्लिसराइड्स, कोलेस्ट्रॉल के स्तर और सूजन को बढ़ाने वाला पाया गया है, ये सभी हृदय रोग के जोखिम कारक हैं। इस प्रकार के चीजों का सेवन आपमें गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम बढ़ाने वाला हो सकता है।

हृदय रोगों से बचाव के लिए जानिए क्या खाएं?
आप हृदय रोगों से पीड़ित हैं या इससे बचाव करना चाहते हैं, दोनों ही स्थितियों में आहार की गुणवत्ता और सही चयन की विशेष भूमिका होती है। कुछ चीजों का सेवन आपके रक्तचाप को नियंत्रित करने और हृदय को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक हो सकता है।
- फल और सब्जियां: ताजे फल और सब्जियां खाने की आदत बनाएं। दिन में कम से कम दो फलों को आहार का हिस्सा जरूर बनाएं।
- आहार में कैलोरी, वसा और सोडियम वाली चीजों की मात्रा कम रखें। ये हृदय की सेहत को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
- डिब्बाबंद चीजों के सेवन से बचें। फाइबर, प्रोटीन वाली चीजों को आहार का हिस्सा बनाएं।
- नट्स को दैनिक आहार में जरूर शामिल करें, विशेषकर मूंगफली-अखरोट जैसे नट्स को हृदय के लिए फायदेमंद माना जाता है।

हृदय रोगों से बचे रहने के लिए किन चीजों से करें परहेज?
हृदय स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस बात का खास ख्याल रखें कि आहार चयन में क्या खाने से ज्यादा आवश्यक है यह जानना कि क्या न खाएं? कुछ चीजों का सेवन हृदय से संबंधित समस्याओं के जोखिम को बढ़ाने वाला हो सकता है।
- उच्च वसा और अधिक सोडियम वाले खाद्य पदार्थों से बचें। ये हृदय के लिए बहुत हानिकारक हो सकते हैं।
- जंक फूड, आलू के चिप्स, कुकीज, और आइसक्रीम का सेवन बहुत कम करें।
- शराब-धूम्रपान के सेवन की आदत भी हृदय के लिए समस्याओं का कारण बन सकती है, इससे परहेज करें।
- ट्रांस फैट वाली चीजें हृदय के लिए समस्याओं का कारण बन सकती हैं, इनसे बचाव करें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।