यूपी के जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव परिणाम घोषित हो चुके हैं। जिसमें भाजपा ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 75 में से 67 सीटों पर कब्जा जमाया है।
वहीं, जिपं अध्यक्ष के पिछले चुनाव में 63 सीटें जीतने वाली समाजवादी पार्टी महज पांच जिलों में ही सिमटकर रह गई। वहीं, कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत सकीं। बसपा ने चुनाव ही नहीं लड़ा। चुनाव के दौरान लखनऊ, बलिया, प्रतापगढ़, संतकबीरनगर, अयोध्या में विवाद की स्थिति बनी और सपाइयों ने हंगामा किया।
जिपं अध्यक्ष चुनाव में 22 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। शनिवार को 53 सीटों के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने 46, सपा ने चार सीटें जीतें। रालोद, जनसत्ता दल व निर्दलीय ने एक-एक जिलों में जीत दर्ज की।
राजधानी लखनऊ में भाजपा की आरती रावत अध्यक्ष निर्वाचित हुई। बाराबंकी, अयोध्या, रायबरेली व अमेठी में भी भाजपा का कब्जा रहा। सपा को एटा, इटावा, आजमगढ़, संतकबीर नगर और बलिया में जीत मिली। बागपत में सपा के सहयोगी रालोद की उम्मीदवार ममता जयकिशोर निर्वाचित हुई हैं। जौनपुर में बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी डॉ. श्रीकला रेड्डी और प्रतापगढ़ में जनसत्ता दल की माधुरी पटेल अध्यक्ष निर्वाचित हुई है।
2 of 5
जीत के बाद जश्न मनाते भाजपाई।
- फोटो : अमर उजाला
ऐतिहासिक जीत... सपा के 63 सीटों का रिकॉर्ड ध्वस्त
भाजपा ने सपा के वर्ष 2016 में 63 सीटों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इस बार जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में भाजपा को अपेक्षित सफलता न मिलने के बाद राजनीतिक पंडित मान रहे थे कि अध्यक्ष चुनाव में भाजपा यह रिकार्ड नहीं तोड़ पाएगी, लेकिन सरकार व संगठन की साझा रणनीति से भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
सपा के गढ़ हिले: सपा के गढ़ माने जाने वाले कन्नौज, मैनपुरी, फिरोजाबाद, बदायूं, फर्रुखाबाद, रामपुर, अमरोहा, मुरादाबाद और संभल में भी भाजपा ने परचम फहराया है।
कांग्रेस का सूपड़ा साफ: कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली और जालौन में उम्मीदवार खड़े किए थे। उसे दोनों जगह हार का सामना करना पड़ा। पिछले चुनाव में कांग्रेस सिर्फ रायबरेली में ही अपना जिपं अध्यक्ष बना सकी थी।
पश्चिम से पूरब तक भगवा परचम
पश्चिम क्षेत्र : भाजपा ने संगठनात्मक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र के 14 जिलों में से 13 सीटों पर कब्जा किया। बागपत में रालोद ने चुनाव जीता।
ब्रज क्षेत्र : 12 जिलों में से 11 में भाजपा और एटा में सपा विजयी हुई है।
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र : 14 में से 13 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की। इटावा में सपा उम्मीदवार ने निर्विरोध जीत दर्ज की।
अवध क्षेत्र : सभी 13 सीटों पर भाजपा का परचम।
काशी क्षेत्र : 12 में से दस जिलों में भाजपा जीती। जौनपुर में धनंजय सिंह की पत्नी ने निर्दलीय जीत दर्ज की। वहीं प्रतापगढ़ में रघुराज प्रताप सिंह की जनसत्ता पार्टी ने जीत दर्ज की।
गोरखपुर क्षेत्र : 10 में से सात जिलों में जीत दर्ज की है। तीन में सपा को जीत मिली है।