मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ब्रज क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक में पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को आक्रामक अंदाज में चुनावी तैयारियों में जुट जाने की बात कही। उन्होंने कहा, तैयारी ऐसे करो कि विपक्ष को अपनी पराजय नजर आने लगे। सरकार ने जो कीर्तिमान बनाए हैं उन्हें घर-घर तक पहुंचाओ। सीएम योगी ने कहा, हमें एकजुटता के साथ चुनाव लड़ना होगा। जनता के बीच में जाकर विपक्ष को बेनकाब करना होगा। उन्होंने कहा, जनता को बताएं कि जब हम दूसरी लहर में काम कर रहे थे तब विपक्ष घरों में सोया हुआ था। उन्होंने विपक्ष पर मनोवैज्ञानिक बढ़त बनाने के लिए आक्रामक प्रचार का मंत्र दिया। योगी ने कहा, कोरोना काल में बहुत से ऐसे काम भी हुए हैं जिनके बारे में लोगों को नहीं पता। उन्होंने इंग्लैंड के संक्रमित दंपती की कहानी सुनाई। जिसे एंबुलेंस की मदद से लखनऊ से सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यूपी: मुख्यमंत्री योगी और जेपी नड्डा दे गए विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र, तस्वीरों में देखिए संगठनात्मक बैठक
लखनऊ एयरपोर्ट से सुबह 11 बजे दो विमानों से खेरिया एयरपोर्ट पर उतरे जेपी नड्डा और योगी सीधे फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में पहुंचे। दोपहर तीन बजे तक दो सत्रों में बैठक हुई। पहले सत्र में भाजपा राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह और स्वतंत्र देव सिंह के अलावा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, सह संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह समेत 28 कार्य समिति सदस्य, 19 जिलाध्यक्ष और सात मोर्चा अध्यक्ष शामिल हुए। सत्र का आरंभ पं. दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ।
भाजपा की संगठनात्मक दृष्टि से ब्रज में 19 जिले शामिल हैं। जिनमें 67 विधान सभा सीट हैं। 2017 में भाजपा को 57 सीटें मिलीं हैं। इस एतिहासिक प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती से जूझ रहे ब्रज क्षेत्र संगठन में रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा नई ऊर्जा का संचार कर गए। दोनों सत्र में उन्होंने पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को ब्रज का राजनीतिक महत्व समझाया। ब्रज को केसरिया किला बताया। ब्रज के 50 से अधिक विधायक, सांसद व मंत्रियों के साथ जेपी नड्डा ने एक-एक सीधा संवाद किया। फिर उन्हें संगठन को महत्व देने का पाठ पढ़ाते हुए संगठन व सरकार के बीच सेतु की तरह काम करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में किसान मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर, उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, राज्यमंत्री चौ. उदयभान सिंह, डॉ. जीएस धर्मेश, मंत्री जयवीर सिंह व विधायकगण शामिल रहे।