रात के साढ़े 11 बजे एक बाइक से दो युवक तिलौरी गांव में गांजा पीने के लिए पहुंच गए। गांजा नहीं मिलने पर बाइक सवार युवकों ने बम फेंक दिया। इससे चार लोग घायल हो गए। बम फटने से बाइक सवार युवक भी घायल हो गए। हालांकि इसके बाद भी दोनों भाग निकले। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दो लोगों को अस्पताल भर्ती कराया। बाद में बम फेंकने वाले दोनों हिस्ट्रीशीटर को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
प्रतापगढ़ में गांजा न देने पर हिस्ट्रीशीटर बदमाशों ने फेंका बम, बाइक सवार सहित चार लोग घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के तिलौरी इंदारा मोहल्ला निवासी प्रमोद पटेल पुत्र सुंदरलाल के घर रविवार की रात बाइक से दो युवक पहुंचे और उसका दरवाजा खटखटा कर जगाया। उसके बाहर निकलने पर बाइक सवार युवकों ने कहा कि उन्हें गांजा की जरूरत है। वह उन्हें गांजा पीने के लिए दे दें। इस पर प्रमोद ने बताया कि वह गांजा नहीं पीता और ना ही बेचता है। इसको लेकर काफी देर तक जद्दोजहद होती रही। इस दौरान प्रमोद का भाई राकेश भी घर से बाहर आ गया और बाइक सवार युवकों को समझाने का प्रयास करने लगा। इस दौरान उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई और बाइक सवार दोनों युवक उनसे गालीगलौज करने लगे।
बात बढ़ी तो बाइक सवार युवकों ने उन पर बम फेंक दिया। बम उनकी बाइक की हैंडल में लगा और वहीं फट गया। इससे बाइक सवार कुंडा निवासी इकबाल पुत्र अब्दुल कलाम व गयासपुर निवासी हासिम खां पुत्र अहमद खां गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर प्रमोद और राकेश भी बम से निकले छर्रे से घायल हो गए। घटना के बाद बाइक सवार युवक किसी तरह से वहां से भाग निकले। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रमोद व राकेश को कुंडा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया।
इसके बाद रात में दबिश देकर इकबार और हासिम को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को भी सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पुलिस अभिरक्षा में प्रयागराज भेज दिया गया। प्रमोद की तहरीर पर दोनों पर हत्या के प्रयास सहित गालीगालौज और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
गांजा मांगने पहुंचे लोगों पर गैंगस्टर, लूट सहित कई मामले हैं दर्ज
बाइक से गांजा मांगने आए दोनों युवकों का आपराधिक इतिहास है। रविवार की रात दोनों को गांजा की तलब प्रमोद के घर खींच ले गई थी। लॉकडाउन के चलते नशे की तमाम चीजें उन्हें नहीं मिल पा रही थीं। उन्हें कहीं से पता चला था कि उसके घर पर उन्हें गांजा मिल जाएगा। आखिर में नशा न मिलने के चलते ही उन्होंने बम चला दिया। हालांकि बम से उन दोनों को ही ज्यादा नुकसान हुआ। दोनों पर ही लूट, गैंगस्टर सहित कई मामले दर्ज हैं।कुंडा कोतवाली क्षेत्र के गयासपुर गांव निवासी हासिम पुत्र अहमद खां पर गैंगस्टर के साथ ही लूट के मुकदमे दर्ज हैं। उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोली गई थी। इसके अलावा वह कुंडा कोतवाली का टापटेन अपराधी है। उसकी तलाश पुलिस को काफी दिनों से थी। इस घटना के बाद वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
इसी तरह से कुंडा कस्बा निवासी इकबाल भी गैंगेस्टर हैं। उस पर अमेठी में पेट्रोलपंप पर हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने उसे कुछ दिन पहले तमंचा के साथ पकड़कर जेल भेजा था। फिलहाल पुलिस ने दोनों की कुंडली तैयार करनी शुरू कर दी है। दोनों का इलाज प्रयागराज एसआरएन में हो रहा है। वहां पर कोतवाली के एक दरोगा और तीन सिपाहियों की तैनाती की गई है।