अतरसुइया के दरियाबाद इलाके से पकड़े गए युवक ने बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस हिरासत में ब्लेड से अपनी गर्दन काट ली। डकैती के मामले में एसओजी ने उसे पकड़ा था। लहुलुहान हालत में बेली ले जाया गए जहां से रेफर करने पर उसे एसआरएन में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उधर घरवालों को देर रात तक घटना की जानकारी नहीं मिली थी और वह उसे खोजते रहे।
प्रयागराज में पुलिस हिरासत में युवक ने ब्लेड से काटी गर्दन, मचा हड़कंप
सूत्रों के मुताबिक, दरियाबाद में हजरतगंज का रहने वाला शोएब पुत्र अली अहमद बृहस्पतिवार सुबह घर के पास ही एक सैलून में बैठा था। इसी दौरान वहां पहुंचे तीन लोगों लोग उसे पकड़कर ले जाने लगे।
लोगों के पूछने पर बताया कि वह क्राइम ब्रांच से हैं और काफी वक्त से उसकी तलाश में थे। दोपहर में अचानक उसे लहूलुहान हालत में लेकर एसओजी के तीन सिपाही बेली अस्पताल पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, उसका गला ब्लेड से कटा हुआ था और गले पर गहरे जख्म के निशान थे। हालत गंभीर थी, ऐसे में प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉक्टरों ने रेफर कर दिया।
जिसके बाद उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां देर रात उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। सूत्रों का कहना है कि घूरपुर में हुई डकैती की वारदात में एसओजी उसकी तलाश में थी। इसके लिए पिछले तीन चार दिनों से टीम के कुछ सिपाही अतरसुइया इलाके में लगातर घूम रहे थे। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को उसे पकड़ लिया गया और कैंट थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की गई। जिसके बाद अचानक उसने अपनी गर्दन काट ली।
अफसर बोले, पकड़ने से पहले ही कर लिया वार
इस मामले में एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज से बात की गई तो उन्होंने बताया कि शोएब डकैती के मामले में वांछित था। इसी के तहत उसे पकड़ा गया। मामले में कैंट थाने में केस दर्ज किया जा रहा है। उधर देर रात पुलिस के मीडिया सेल की ओर से जानकारी दी गई कि घूरपुर में डकैती के दो मामलों में शोएब वांछित था। उसे पकड़ने के लिए एसओजी टीम कैंट के म्योराबाद चर्च मैदान में गई थी तभी उसने खुद को चाकू मार लिया। घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही कैंट थाने में उसके खिलाफ आत्महत्या के प्रयास में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।