पिछले शुक्रवार की गलती से सबक ले चुकी पुलिस-प्रशासन ने इस बार जुमे की नमाज को लेकर खास इंतजाम किए हैं। पुलिस के मुताबिक जिले को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। पैरामिलिट्री, पीएसी के अलावा पुलिस बल की तैनाती की गई है। जितनी पुलिस सड़कों पर है, उससे ज्यादा पुलिस लाइंस में तैयार रहेगी। कोई उपद्रव होने पर पांच मिनट के अंदर जिले को छावनी में बदल दिया जाएगा। ज्यादातर जगहों पर नई उम्र के पुलिस वालों की तैनाती की गई है। ड्रोन कैमरे उड़ाकर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेगी।
गोरखपुर में हिंसा को रोकने के लिए पुलिस के 8 खास इंतजाम, देखें कैसे हैं ताजा हालात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जानकारी के मुताबिक पुलिस उन गलतियों को सुधार रही है, जो पिछले शुक्रवार को हुईं थीं। मसलन, गलियों में पुलिस की मौजूदगी न होना, बुजुर्ग, संभ्रात लोगों की बातों पर यकीन कर लेना आदि। इस बार पुलिस हर गली, मोहल्ले में मुस्तैद रहेगी। शाहमारूफ, नखास, रेती, घासीकटरा में विशेषकर पुलिस की तैनाती की गई है। अंदर गलियों में सादे कपड़ों में पुलिस होगी, जो असलहों से लैस होगी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने जगह-जगह सुरक्षा इंतजामों की जांच की। शहर की सभी गलियों को नक्शा बनाकर पुलिस निगरानी कर रही है ताकि उपद्रव करने वालों को भागने का मौका न मिल सके। कोतवाली सर्किल में तीन थाने आते है जिसके अंतर्गत 167 मस्जिदें मौजूद हैं। हर मस्जिद के आसपास पुलिस की सुरक्षा लगाई गई है।
शहरी क्षेत्र में 87 जगहों पर बैरिकेडिंग लगाकर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अफसरों ने बैठक, भ्रमण कर साफ कह दिया है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें, उत्पात हुआ तो इस बार सख्ती से निपटा जाएगा।
18 नए सीसी कैमरे लगाए, दुरुस्त कराए गए टूटे कैमरे
संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर पुलिस की ओर से 18 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनके अलावा तोड़े गए कैमरों को पुलिस ने दुरुस्त करा दिया है। कैमरे को इस तरह से सेट किया गया है कि तस्वीर साफ आ सके। नीचे की ओर झुुके कैमरों के ऐसा सेट कर दिया गया है कि कोई उत्पात मचाए तो तस्वीर पुलिस के हाथों में हो और सख्त कार्रवाई हो सके।
शहर की सुरक्षा की कमान संभालने के लिए दो अतिरिक्त एसपी के अलावा बाहर से फोर्स भी गोरखपुर में बृहस्पतिवार को पहुंच गई। ड्रोन कैमरों की मदद से पुलिस चौकसी बरतेगी। कोतवाली क्षेत्र में ही 200 अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। 24 दरोगा लगाए गए हैं। इन दरोगा व सिपाहियों की तैनाती पहले भी कोतवाली क्षेत्र में रही है।
सड़कों पर भ्रमण करते रहेंगे पुलिस अफसर
पुलिस अफसर सड़कों पर भ्रमण करते रहेंगे। सभी के साथ क्यूआरटी लगा दी गई है। अफसर लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहेंगे ताकि कहीं पर भी किसी निर्णय को लेने में असमंजस की स्थिति न हो।
एडीजी रेंज ने देहात के थानों में निरीक्षण कर चेताया
एडीजी रेंज जय नारायण सिंह बृहस्पतिवार को देहात इलाके के खजनी, हरपुर बुदहट सहित कई थानों पर पहुंचे और पुलिस वालों को मस्जिद के आसपास विशेष सतर्कता बरतने का आदेश दिया। एक ओर अन्य अफसर शहर में मौजूद रहे तो दूसरी ओर देहात में एडीजी ने पुलिस वालों के पेंच कसे हैं।
कोतवाली थाने में एहतियातन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई है। इसके अलावा वज्र वाहन लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। पुलिस पहले से ही यह संदेश देना चाहती है कि किसी भी प्रकार का उत्पात नहीं होना चाहिए।
प्रवेश और निकासी पर पुलिस चौकसी
मस्जिद के आसपास पुलिस की चौकसी रहेगी। प्रवेश और निकासी के सभी रास्तों पर पुलिस की मौजूदगी रहेगी। ताकि कोई भी उत्पात न करने पाए। पुलिस कहीं पर किसी को एकत्र होने नहीं देगी।
घरों के बाहर से ईंटें हटवाईं गईं
पुलिस ने कोतवाली, राजघाट, तिवारीपुर समेत कई इलाकों में घरों के बाहर रखी गई ईंटों को हटवा दिया है। इसके साथ ही कुछ संवेदनशील घरों की छतों की भी पुलिस ने ड्रोन की मदद से जांच की है।