उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने पहली बार बुधवार को कानपुर सेंट्रल भूमिगत स्टेशन से नौबस्ता एलिवेटेड स्टेशन तक मेट्रो का ट्रायल कर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। मेट्रो के एमडी सहित अन्य अधिकारियों ने पांच किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से इस रूट की अप लाइन पर ट्रेन चलवाकर टेस्ट रन किया, इसे पूरी तरह सफल बताया गया। अप्रैल में नौबस्ता तक मेट्रो से सफर का सपना पूरा हो सकता है। मेट्रो की सेवा अभी आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक संचालित हो रही है।
Kanpur: सेंट्रल से नौबस्ता तक सफल रहा ट्रायल रन, अप्रैल में पूरा होगा सफर का सपना, हाई-स्पीड परीक्षण की तैयारी
Kanpur News: कानपुर मेट्रो ने सेंट्रल से नौबस्ता के बीच आठ किमी लंबे नए रूट पर पहला सफल ट्रायल रन पूरा कर लिया है, जिससे अब अप्रैल से जनता के लिए यह सेवा शुरू होने की उम्मीद है। नौबस्ता से आईआईटी तक का सफर मात्र 60 रुपये में तय होगा।
जल्द यात्रियों को मिलने लगेगी सफर की सुविधा
आगे के चरण में ट्रेन को एटीपी और एटीओ मोड में चलाकर हाई-स्पीड ट्रायल किए जाएंगे। मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त की हरी झंडी के बाद अप्रैल में नौबस्ता तक यात्रियों को मेट्रो की सुविधा मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है। करीब 24 किमी लंबे कॉरिडोर-1 (आईआईटी–नौबस्ता) में से आईआईटी से सेंट्रल स्टेशन तक 16 किमी तक मेट्रो चल रही है। इसी कॉरिडोर के शेष सेक्शन में सेंट्रल से लगभग आठ किलोमीटर दूर नौबस्ता स्टेशन तक ट्रायल रन और निरीक्षण के बाद यात्रियों को इस पर सफर की सुविधा मिलने लगेगी। वहीं, 8.60 किमी लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए–बर्रा-8) का निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है।
60 रुपये में नौबस्ता से पहुंचें आईआईटी
यूपीएमआरसी यात्रियों से नौबस्ता से आईआईटी तक जाने के लिए 60 रुपये किराया लेगा। नौबस्ता से कानपुर सेंट्रल स्टेशन का किराया 30 रुपये होगा। यूपीएमआरसी के संयुक्त महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि फिलहाल आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो में रोज 25,000 से 30,000 यात्री सफर करते हैं। नौबस्ता तक यह सेवा शुरू होने पर यात्रियों की संख्या बढ़कर 80,000 से एक लाख होने की संभावना है।
मेट्रो की किराया दर
- एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक जाने का किराया- 10 रुपये
- तीन स्टेशनों तक किराया- 15 रुपये
- चार से छह स्टेशनों तक किराया- 20 रुपये
- सात से नौ स्टेशनों तक किराया- 30 रुपये
- 10 से 13 स्टेशनों तक किराया- 40 रुपये
- 14 से 18 स्टेशनों तक किराया- 50 रुपये
- 19 से 21 स्टेशनों तक किराया- 60 रुपये
मेट्रो ने तमाम चुनौतियों को पार कर एक और ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है। टेस्टिंग पूरी होने के बाद संरक्षा आयुक्त से मंजूरी लेकर इसे यात्रियों के लिए खोला जाएगा। देश में पहली बार रेलवे के साथ तालमेल कर कानपुर सेंट्रल में इस तरह काम किया गया जहां भूमिगत मेट्रो स्टेशन चालू हो गया है और उसके ऊपर रेलवे का सात मंजिला भवन बन रहा है। इसी तरह झकरकटी में मल्टीमॉडल इंटीग्रेशन की योजना भी तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके तहत वहां नए सिरे से बस अड्डा भी बनना है। -सुशील कुमार, एमडी, यूपीएमआरसी
