राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के प्रस्तावित कानपुर दौरे के आधिकारिक कार्यक्रम के एलान से पहले सोमवार को चकेरी एयरफोर्स स्टेशन पर हैलीकॉप्टरों की लैंडिंग का रिहर्सल किया गया। इस दौरान एयरफोर्स के अधिकारियों के अलावा प्रशासन और पुलिस के अफसर भी मौजूद रहे। इससे पहले डीएम और पुलिस कमिश्नर ने सिविल लाइंस स्थित मर्चेंट चैंबर में तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान सुरक्षा को लेकर भी तैनात किए गए पुलिस कर्मियों को अधिकारियों ने निर्देश दिए।
बता दें, 3 जून को कानपुर आ रहे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दो दिन शहर में रहने का प्रस्तावित कार्यक्रम है। सुबह 9.30 बजे वह दिल्ली से लखनऊ के रास्ते चकेरी एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे। यहां से वह कानपुर देहात के परौख में प्रस्तावित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और उसके बाद कानपुर स्थित सर्किट हाउस में रुकेंगे। बताया जा रहा है कि यहां से वह एक अन्य जिले में प्रस्तावित कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए जा सकते हैं और वहां से फिर लौटकर सर्किट हाउस में रात में रुकेंगे।
इसके बाद 4 जून को वह शहर में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के बाद गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रपति गोरखपुर के अलावा लखनऊ, वाराणसी और संतकबीर नगर भी जा सकते हैं। फिलहाल जिला प्रशासन राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यक्रम के आने का इंतजार कर रहा है।
2 of 5
राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर कराया जा रहा पैच वर्क
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रपति रूट में नगर निगम ने सड़क कराई चमाचम
नगर निगम ने सोमवार को राष्ट्रपति रूट में हाटमिक्स प्लांट से सड़क चमाचम कराई। उधर, अपर नगर आयुक्त ने मर्चेंट चैंबर से एयरफोर्स स्टेशन तक निरीक्षण किया। ओवरब्रिज के नीचे दो जगह सफाई करने के बजाय कर्मचारियों को आराम से बैठा देख नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय संखवार को चेतावनी और जोन-2 के जोनल स्वच्छता अधिकारी अकील मसूद को कारण बताओ नोटिस देते हुए ठीक से सफाई कराने के निर्देश दिए। लाइटिंग, पैचवर्क, दीवारों में पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के 3, 4 मई को आगमन के मद्देनजर अपर नगर आयुक्त सूर्यकांत त्रिपाठी को निरीक्षण के दौरान झाड़ी बाबा से पनचक्की चौराहा तक कई जगह कूड़े के ढेर मिले।
3 of 5
सड़क पर होता पैच वर्क
- फोटो : अमर उजाला
पुरानी चुंगी जाजमऊ से नई चुंगी, वहां से जेके द्वितीय चौराहे तक कई स्थानों पर गंदगी देख सफाई कराने को कहा। अतिक्रमण हटवाने के लिए भी कहा। अपर नगर आयुक्त ने राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर उनके संभावित रूट पर 100-100 मीटर की दूरी पर 11-11 सफाई कर्मचारी और 200 मीटर की दूरी पर एक-एक सफाई नायक तैनात करने, प्रत्येक रूट के निरीक्षण के लिए एक-एक अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए गए। मुख्य अभियंता एसके सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति के संभावित रूट में से वीआईपी रोड में जाजमऊ से छबीलेपुरवा, सर्किट हाउस रोड पर पैचवर्क कराया गया। अन्य सड़कें भी चमाचम की जा रही हैं।
4 of 5
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
चार चक्रों में होगी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शहर आगमन से पहले कमिश्नरी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतेजाम शुरू कर दिए हैं। चार प्रमुख स्थानों एयरफोर्स स्टेशन, सिविल एयरोड्रम, सर्किट हाउस और मर्चेंट चैंबर को हाई अलर्ट जोन में डाला गया है। इन स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था चार चक्रों में की गई है। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री 3 जून को शहर में होंगे। सिविल एयरोड्रम में उनके विशेष विमान उतरेंगे। इसके अलावा तीन की रात को राष्ट्रपति रात्री विश्राम सर्किट हाउस में ही करेंगे।
5 of 5
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
उस लिहाज से दोनों वीवीआईपी की सुरक्षा व्यवस्था के इंतेजाम किए गए हैं। चार चक्रों में आउटर कार्डन में पुलिस के अलावा पीएसी का घेरा रहेगा। वहीं इनर कार्डन में एसपीजी, एटीएस कमांडोज समेत केन्द्र की अन्य सुरक्षा एजेंसियां जिम्मेदारी संभालेंगी। आर्मी इंटेलीजेंस की नजर भी दोनों वीवीआईपी के कार्यक्रम पर रहेगी। लोकल इंटेलीजेंस यूनिट के साथ वह भी क्वारडीनेट करेंगे। डॉग स्क्वाएड, एंटी सैबोटाज, बम डिस्पोजल स्क्वाएड की चार टीमें गठित की गई है। जो प्रतिदिन चारों जगहों की अलग अलग जांच करेंगी। वहीं वीवीआईपी मूवमेंट के लिए मुख्य और वैकल्पिक मार्ग भी तैयार कर लिया गया है। मंगलवार को पुलिस द्वारा इस मामले में रूट डायवर्जन जारी कर दिया जाएगा। जिससे आम जनमानस को आवागमन में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।