देहरादून के हिस्ट्रीशीटर और प्रॉपर्टी डीलर पंकज सिंह (45) की गोली मारकर हत्या की गई थी। उनका शव मुजफ्फरनगर में जानसठ तिराहे पर पुलिस बूथ के पास खड़ी फॉर्च्यूनर कार की डिक्की से बरामद हुआ। उन्हें चार गोली मारीं गईं, तीन गोली सीने में और एक गर्दन के नीचे मारी गई थी। मृतक की पत्नी अंशु सिंह ने टिहरी जेल में बंद देहरादून निवासी बदमाश जितेंद्र रावत उर्फ जित्ती, मेरठ निवासी यतेंद्र चौधरी, रामबीर और रोजी निवासी मुजफ्फरनगर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। आगे जानिए पूरा अपडेट-
पत्नी बोलीं- पुलिस कार्रवाई करती तो नहीं जाती पति की जान, ऐसे किया था हिस्ट्रीशीटर का मर्डर
ड्राइविंग करने वाले ने मारी गोली
सीओ आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि जांच से पता चलता है कि फॉर्च्यूनर कार की जो ड्राइविंग कर रहा था, उसी ने प्रॉपर्टी डीलर पंकज सिंह पर गोलियां चलाई। सीओ ने बताया कि हत्यारोपियों ने देहरादून स्थित पंकज के गेस्ट हाउस में शराब पी। इनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। नामजद आरोपियों ने कार में अगली सीट पर बैठे हुए गोलियां मारी। मृतक की पत्नी अंशु के मुताबिक उसका पति पंकज सिंह चलती हुई कार में सो जाता था। पुलिस को भी कार में पंकज के जूते निकले हुए मिले। इससे पुलिस को शक है कि कार में पंकज सिंह रात के समय जूते निकालकर सीट से लगकर सो गया होगा।
संभवत: पंकज सिंह को सीट पर सोते समय गोली मारी गई। सीओ ने संभावना जताई है कि आरोपियों ने प्रॉपर्टी डीलर की देहरादून में ही चलती कार में गोलियां मारकर हत्या कर दी।
इसके बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए शव को कार की डिक्की में डाल लिया और ठिकाने लगाने को घूमते रहे। कार में रोहाना टोल प्लाजा की टोल रसीद मिली। रसीद में शुक्रवार देर रात का 2.30 बजे का समय प्रिंट है।
जेल में बंद जितेंद्र रावत ने कराई हत्या
देहरादून के प्रॉपर्टी डीलर और हिस्ट्रीशीटर पंकज सिंह की पत्नी अंशु सिंह ने आरोप लगाया कि टिहरी जेल में बंद जितेंद्र रावत ने उसके पति की हत्या कराई है। आरोपी जितेंद्र रावत जेल के भीतर से ही उसके पति से रंगदारी मांग रहा था, कई बार धमकी दी थी। देहरादून थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर भी दी गई थी। यह बात खतौली पहुंची अंशु सिंह ने सीओ आशीष प्रताप सिंह से कही। प्रॉपर्टी डीलर पंकज सिंह निवासी देहरादून का शव खतौली में फॉर्च्यूनर में मिला। गोली मारकर उसकी हत्या की गई।
