नोएडा से गिरफ्तार फर्जी आईएफएस महिला जोया खान के मामले में पुलिस ने गुरुवार को मीडिया के सामने खुलासा किया। एसएसपी नोएडा, वैभव कृष्ण ने प्रेस वार्ता में बताया कि फर्जी आईएफएस खास तरीके से आवाज बदलकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से वीआईपी सुविधाओं की मांग किया करती थी।
बड़ा खुलासा: फर्जी आईएफएस जोया खान पुरुष की आवाज बदलकर पुलिस उच्चाधिकारियों से मांगती थी एस्कॉर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एसएसपी नोएडा ने बताया कि महिला व उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं इनके पास से फर्जी यूनाइटेड स्टेट डिपार्टमेंट का डिप्लोमेटिक पहचान पत्र, दो लैपटॉप, दो वॉकी-टॉकी वायरलेस सैट, चार एंड्रॉयड मोबाइल, एक पिस्टल नुमा लाईटर, एक गाड़ी एक्सयूवी महिंद्रा 500 नीली बत्ती लगी हुई, एक सिल्वर कलर की मर्सिडीज कार बरामद हुई है।
मौके से बरामद गाड़ियों में एक पर अवैध रूप से नीली बत्ती एवं दूसरी मर्सिडीज कार पर संयुक्त राष्ट्र संघ का लोगो लगा हुआ है जो उच्चाधिकारियों से मिलने के समय इस्तेमाल की जाती थी।
पुलिस के अनुसार महिला जोया द्वारा कई बार जनपद गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मेरठ आदि से खुद को संयुक्त सचिव भारत सरकार बनकर पुलिस एस्कॉर्ट व वीआईपी सुविधा ली गईं। जब इसकी जांच की गई तो पाया गया कि महिला फर्जी तरीके से अपने पति निशांत उर्फ हर्षप्रताप के साथ मिलकर युनाइटेड नेशन्स सिक्योरिटी काउंसिल ऑर्गेनाइजेशन की फर्जी ईमेल आईडी बनाकर विभिन्न जनपदों के उच्चाधिकारियों को ईमेल किए। नेट बैंकिंग के लिए भी जोया ने इसी ईमेल का इस्तेमाल किया था।
जोया खान एवं उसके पति हर्षप्रताप द्वारा वीआईपी सेल एवं एसपी यातायात कार्यालय गौतमबुद्धनगर व अन्य जनपदों के सरकारी फोन नंबरों पर संयुक्त सचिव विदेश मंत्रालय भारत सरकार बनकर उच्चाधिकारियों से सुरक्षा एवं एस्कॉर्ट लिए जाने का विवरण मिला।
इनके कब्जे से मोबाइल फोन से खुलासा हुआ कि महिला जोया इस एंड्रॉयड फोन से वॉइस कन्वर्टर सॉफ्टवेयर के जरिए महिला से पुरुष की आवाज बदलकर पुलिस अधिकारियों से बात करती थी। वह खुद ही जोया खान का पीए अनिल शर्मा बनकर उच्चाधिकारियों से एस्कॉर्ट की मांग करती थी।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि महिला जोया खान एक शिक्षित महिला है जोकि मूल रूप से मेरठ जनपद की रहने वाली है। अभियुक्त जोया खान के पिता मेरठ जनपद में ही चिकित्सक हैं। वहीं जोया का पति हर्षप्रताप वर्तमान में सिविल सर्विसेज की तैयारी करते हुए अपनी पत्नी के किए हुए कृत्यों में पूरी तरह लिप्त है।
दोनों ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया है कि उन्होंने यह कार्य अपने शौक पूरे करने और परिवार के लोगों की समाज में साख बनाने के लिए किया था।