मेरठ के ब्रह्मपुरी के बहुचर्चित नीला ड्रम सौरभ हत्याकांड में अब फैसला नजदीक पहुंच गया है। बुधवार को आरोपी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला की अदालत में पेशी नहीं हो सकी। अब इस मामले में 18 अप्रैल को अगली पेशी होगी, जिसमें नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 351 के तहत कार्यवाही पूरी की जाएगी।
नीला ड्रम केस: फैसले के करीब सौरभ हत्याकांड, अब 18 अप्रैल को साहिल-मुस्कान की पेशी, खौफनाक है वारदात
मेरठ के चर्चित नीला ड्रम सौरभ हत्याकांड में फैसला नजदीक पहुंच गया है। अदालत में 18 अप्रैल को मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला की पेशी होगी। इसके बाद अंतिम बहस शुरू होने की संभावना है।
अब अंतिम बहस की तैयारी
डिस्ट्रिक्ट गवर्नमेंट काउंसिल (डीजीसी) के अनुसार, इस केस में नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 351 (पहले सीआरपीसी की धारा 313) के तहत आरोपियों को उनके खिलाफ मौजूद सबूतों और परिस्थितियों पर जवाब देने का अवसर दिया जाएगा।
इसके बाद दोनों पक्षों के वकीलों की अंतिम बहस शुरू होगी। अदालत में सुनवाई की गति को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि करीब एक माह के भीतर इस मामले में फैसला आ सकता है।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल मार्केट: 20 कदम ही चली न्याय यात्रा, तीन गिरफ्तार, कल व्यापारियों का हल्ला बोल, महिलाओं का धरना जारी
34 में से 20 गवाहों के बयान दर्ज
इस केस में पुलिस ने 34 गवाह बनाए थे, जिनमें से 20 के बयान दर्ज हो चुके हैं। इनमें मृतक सौरभ राजपूत के भाई बबलू, मां रेणू, दोस्त सौरभ कुमार, चाकू विक्रेता राकेश, नीला ड्रम बेचने वाला सैफुद्दीन, पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. दिनेश सिंह चौहान, दवा लिखने वाले डॉ. अरविंद कुमार देशवाल, मेडिकल स्टोर संचालक अमित जोशी, जांच अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।
बेहद खौफनाक थी हत्या
पुलिस जांच के अनुसार 3 मार्च 2025 की रात सौरभ की हत्या उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला ने मिलकर की थी। आरोप है कि दोनों ने पहले सौरभ के सीने में चाकू घोंपा और छुरी से गर्दन काट दी। हत्या के बाद शव के टुकड़े कर उन्हें प्लास्टिक के नीले ड्रम में डालकर ऊपर से सीमेंट का घोल भरकर सील कर दिया।
यह भी पढ़ें: UP: 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कर सकते हैं PM मोदी, प्रशासन ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
हत्या के बाद घूमने चले गए थे कसौल
हत्या के बाद दोनों आरोपी 5 मार्च को हिमाचल प्रदेश के कसौल घूमने चले गए थे। इसके बाद 17 मार्च को मेरठ लौटे, जबकि 18 मार्च को इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ। 19 मार्च को ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तब से दोनों आरोपी जेल में बंद हैं।

कमेंट
कमेंट X