लखीमपुर खीरी में हुई घटना के पर आक्रोश जताते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट तिराहा पर प्रदर्शन कर सांकेतिक यातायात जाम किया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष और विधायक सहित 102 सपा कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। पुलिस लाइन ले जाने के बाद निजी मुचलकों पर प्रदर्शनकारियों को रिहा कर दिया। उधर, मेरठ में जिलाधिकारी कार्यालय पर शाम सात बजे जिलाध्यक्ष अवनीश काजला और महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी के नेतृत्व में 88 कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी।
लखीमपुर खीरी घटना का जमकर विरोध: सपा विधायक सहित 102 कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी, कांग्रेस के 88 कार्यकर्ता गिरफ्तार
इसके बाद सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसैन के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने हकीकतनगर धरना स्थल पर धरना दिया और जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट तिराहा पर पहुंचे। सांकेतिक रूप से यातायात जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की नोकझोंक भी हुई। जिलाध्यक्ष ने प्रदेश सरकार और पुलिस पर निरंकुश होने का आरोप लगाया। कहा किसानों का शोषण हो रहा है, लखीमपुर खीरी की घटना इसका ताजा उदाहरण है। उन्होंने प्रदेश सरकार को तत्काल बर्खास्त करने और घटना के दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व चेयरमैन लियाकत अली, मजाहिर हसन राणा, विनोद तेजयान, साहिल खान, कार्तिकेय सिंह राणा एवं जसवीर वाल्मीकि आदि नेे भी विचार रखे। इस दौरान अब्दुल गफूर, अच्छन यादव, प्रवीण बांदू खेड़ी, आकाश खटीक, राव वजाहत, अनुज मदनूकी, मनोज पंवार आदि मौजूद रहे।
वहीं, सपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव फहाद सलीम के नेतृत्व में कलक्ट्रेट तिराहे पर प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार को तत्काल बर्खास्त कर मृतक किसानों के आश्रितों को एक एक करोड़ रुपए आर्थिक सहायता सहित कई मांग रखी।
प्रसपा ने बैठक कर जताया रोष
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) की नवाब गंज चौक स्थित कार्यालय में बैठक हुई। इसमें लखीमपुर खीरी की घटना की निंदा की। मृतक किसानों के परिजनों को एक एक करोड़ रुपये आर्थिक सहायता और एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग की। प्रदेश महासचिव नरेंद्र कौशिक, महानगर अध्यक्ष सुरेश त्यागी, नरेश गोयल, प्रवेज खान आदि मौजूद रहे।
हंगामा करने पर कांग्रेस के 88 कार्यकर्ता गिरफ्तार
मेरठ में कांग्रेस के महानगर और जिला कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की। जिलाधिकारी कार्यालय पर शाम सात बजे जिलाध्यक्ष अवनीश काजला और महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी के नेतृत्व में 88 कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। कार्यकर्ताओं का कहना था कि हम शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे थे, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने हमें घसीटते हुए गाड़ियों में बैठाया। मनजीत सिंह कोछड़, हरिकिशन अंबेडकर, राकेश कुशवाहा आदि को चोट लगी है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने संकीर्ण मानसिकता से ग्रस्त होकर प्रियंका गांधी को ऐसी जगह रखा, जो धूल से अटी हुई थी। दोषी पुलिस कर्मियों की गिरफ्तार व बर्खास्त करें। जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने कहा कि भाजपा कि मोदी-योगी की सरकार ने किसानों का उत्पीड़न करने में अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया है। महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी ने कहा कि योगी सरकार सत्ता के नशे में इतनी चूर हो चुकी हैं कि पुरुष पुलिस कर्मियों द्वारा महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में जिला प्रवक्ता हरिकिशन आंबेडकर, महानगर प्रवक्ता अखिल कौशिक, सलीम खान, जगदीश शर्मा, डॉ. जफर उल्ला, धूम सिंह, आशा राम, डा. ओपी शर्मा, रंजन शर्मा, अनिल शर्मा, संजय कटारिया, रविन्द्र सिंह, रोबिन नाथ गोलू, कामेश्वर रत्न, नफीस सैफी, बबिता गुर्जर, लज्जावती कर्दम, राहिला बेगम, किरन बाला, एनएसयू प्रदेश अध्यक्ष रोहित राणा, केडी शर्मा आदि मौजूद रहे।