फ्रांस में चल रहे कान फिल्म फेस्टिवल में इस बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बेटियों का जलवा रहा। मेरठ की मानसी माहेश्वरी ने अपनी एनीमेशन फिल्म से डंका बजाया तो वहीं बागपत के बरनावा निवासी नैन्सी त्यागी के ग्लैमर के आगे फिल्म जगत की बड़ी अदाकाराएं भी फीकी नजर आईं। दोनों ही होनहार बेटियों के बारे में विस्तार से आगे जानिए।
कान में छाईं पश्चिमी यूपी की बेटियां: मानसी की 'बनीहुड' का बजा डंका, नैन्सी के ग्लैमर के आगे फीके पड़े सितारे
कान फिल्म महोत्सव में मेरठ की मानसी माहेश्वरी की एनीमेशन फिल्म बनीहुड का जलवा कांस में डंका बजा दिया है। एक निर्देशक के रूप में उनके काम को अब पूरी दुनिया ने सराहा है। उनकी यह एनीमेशन फिल्म कांस फिल्म फेस्टिवल-2024 के लिए चुनी गई थी। 23 मई को इसकी स्क्रीनिंग कांस फिल्म फेस्टिवल में हुई। जहां इस फिल्म को 'ला सिनेफ' कैटेगिरी में तीसरा प्राइज मिला है।
इस फिल्म में बताया गया है कि कैसे हम अपनों को सुरक्षित करने के लिए झूठ तक का सहारा लेते हैं। कठिन समय में अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए छल भी व्यवहार में शामिल हो जाता है। यही अनुभव थे जिनसे उन्हें बनीहुड का आइडिया आया। मानसी अभी ब्रिटेन में अपनी एनीमेशन की पढ़ाई पूरी कर रही हैं।
इस बार कान फिल्म महोत्सव में बागपत की बेटी नैंसी त्यागी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। फैशन डिजाइनर नैंसी वहां खुद की निर्मित ड्रेस पहनकर रेड कारपेट पर चलीं। नैंसी और उसकी ड्रेसेज खूब चर्चाओं में रही।
उत्तर पदेश के बागपत के बरनावा निवासी ट्रांसपोर्ट का कार्य कर रहे गजेंद्र त्यागी उर्फ लाला की बेटी नैन्सी त्यागी ने अपने फैशन डिजाइनिंग के दम पर विदेश तक धमाल मचा दिया है। गजेंद्र ने बताया कि नैन्सी त्यागी ने इंटर तक की पढ़ाई मेरठ के हर्रा इंटर काॅलेज से की। उसके बाद वर्ष 2020 में नैंसी त्यागी व भाई मनु त्यागी को उनकी मां माया त्यागी पढ़ाई के लिए दिल्ली के जौहरीपुर में ले जाकर रहने लगीं।
दिल्ली में ही नैन्सी त्यागी पढ़ाई करने के साथ ही फैशन डिजाइनिंग करने लगी और वह बड़े फैशन डिजाइनरों के कपड़ों को देखकर घर में सिलाई करती हैं। उसके बाद उन कपड़ों को खुद ही पहनकर रील बनाती हैं और सोशल मीडिया पर शेयर करती हैं। उसके सहारे ही वह दुनियाभर में पहचान बनाने लगीं।