शामली जनपद के कांधला थानाक्षेत्र के गांव खेड़ा कुरतान निवासी आशु उर्फ आस मोहम्मद ने बागपत के सरूरपुर कलां क्षेत्र स्थित ईंट भट्ठे पर अनैतिक संबंधों के शक में शुक्रवार की देर रात पत्नी इशरत (35) की ईंट से वार कर और गला दबाकर हत्या कर दी।
पत्नी की हत्या: ईंट के वार से न मरी तो गला दबाकर मारा, 30 किलोमीटर दूर कार से शव लेकर घर पहुंचा पति
बागपत के एक ईंट भट्ठे पर महिला की मौत के मामले में उसके पति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में पति ने पत्नी पर शक होने की बात कही है। मामले की जांच जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव खेड़ा कुरतान निवासी आशु उर्फ आस मोहम्मद करीब पांच महीने से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बागपत के गांव सरूरपुर कलां क्षेत्र स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहा था। शुक्रवार देर रात को पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। पति ने पत्नी की पहले बेरहमी से पिटाई की। ईंट से उसके नाजुक अंगों पर वार किया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद आरोपी ने बागपत के रहने वाले अपने दोस्त को पत्नी का इलाज कराने की बात कहकर कार के साथ बुलाया। कार से अपने बच्चों के साथ शव लेकर खेड़ा कुरतान में शनिवार सुबह करीब चार बजे पहुंचा। परिजनों को भी पत्नी के बीमार होने की बात कहकर वहां से फिर ईंट भट्ठे पर भाग गया।
परिजनों ने महिला को मृत अवस्था में पाया तो हंगामा खड़ा हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ईंट भट्ठे से हिरासत में ले लिया।
अनैतिक संबंधों के शक में ले ली जान
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि आरोपी आस मोहम्मद ने पुलिस पूछताछ में बताया कि शुक्रवार रात में ईंट भट्ठे पर उसने अपनी पत्नी के पास से किसी व्यक्ति को जाते हुए देखा। उसने उसका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे में उसकी पहचान नहीं हो सकी। उसने वापस आकर पत्नी से उस व्यक्ति के बारे में पूछा तो उसने नहीं बताया।
इसके बाद आरोपी ने उसके नाजुक अंग पर ईंट से वार किया, लेकिन जब उसने नहीं बताया तो उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात बागपत जिले में हुई है, वहीं की पुलिस इस मामले में कार्रवाई करेगी।
बच्चे के दादा-दादी बने सहारा
इशरत की हत्या के बाद पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अब पांचों बच्चों के पालन पोषण की जिम्मेदारी उनके दादा इशाक व दादी पर आ गई है। उन्हें उम्मीद नहीं है कि बेटे ने पत्नी की जान ले ली।
30 किलोमीटर दूर पत्नी का शव लेकर पहुंचा, कहीं नहीं मिली पुलिस
बागपत जिले के सरूरपुर क्षेत्र के ईंट भट्ठे पर पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति आस मोहम्मद कई घंटे तक शव को लिए बैठा रहा। सुबह भोर में 30 किलोमीटर दूर कार से शव को लेकर अपने गांव खेड़ा कुरतान पहुंचा। रास्ते में दो थाने और चार पुलिस चौकी उन्होंने पार की, लेकिन कहीं पर कोई चेकिंग नहीं हुई। इस दौरान आरोपी भी बेखौफ ही रहा।