मथुरा में बारिश का कहर: चौबियापाड़ा में दो मकान गिरे, बांदा का श्रदालु गंभीर रूप से घायल
मथुरा में शुक्रवार दोपहर को झमाझम बारिश हुई। इस दौरान चौबियापाड़ा के रतनकुंड में दो मकान भरभराकर गिर गए।

विस्तार
मथुरा के चौबियापाड़ा में शुक्रवार दोपहर को बारिश के चलते दो मकान धराशायी हो गए। एक मकान की चपेट में आने से द्वारिकाधीश मंदिर में दर्शन करने जा रहा श्रदालु गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बताया गया है कि दोनों मकान जर्जर हालत में थे। इनमें कोई रहता नहीं था।

कोतवाली क्षेत्र के चौबियापाड़ा के रतनकुंड में लाल बहादुर चतुर्वेदी और मुरलीधर पंडित के मकान है। दोनों मकान जर्जर हालत थे। इसलिए इनमें कोई रहता नहीं था। शुक्रवार दोपहर को बारिश के दौरान दोनों मकान गिर गए। इसी बीच वहां से गुजर रहे श्रद्धालु रमाकांत गौतम (47) निवासी बांदा मलबे की चपेट में आ गया।
गंभीर रूप से घायल हुए श्रद्धालु को स्थानीय लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हादसे में श्रद्धालु के घायल होने से मोहल्ले में खलबली मच गई। स्थानीय निवासी मनीष चतुर्वेदी ने बताया कि मकान गिरने से एक श्रद्धालु घायल हुआ है। वह द्वारिकाधीश दर्शन के लिए आया था। फिलहाल उसके साथ कोई भी नहीं है। उसकी हालत गंभीर है।
घायल के इलाज में लापरवाही
जिला अस्पताल में घायल का इलाज करने में टालमटोल किया गया। सिर और हाथ-पैरों में गंभीर चोट के कारण सिटी स्कैन तत्काल करना चाहिए था लेकिन डॉक्टरों ने नहीं किया। श्रद्धालु को भर्ती कराने गए लोगों की डॉक्टरों से बहस हो गई। घायल को निजी अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
अक्सर गिरते रहते हैं मकान
यह दो मकान तो बारिश के कारण गिरे हैं, लेकिन चौबियापाड़ा, मंडीरामदास, घाटी बहालराय, सदर बाजार आदि मोहल्लों में आए दिन मकानों में दरार आना आम बात हो गई है। इससे यहां के लोग दहशत में है। कई लोग तो अपने घरों को छोड़कर किराए पर रह रहे हैं।
मकानों में दरारें रोकने के लिए स्थानीय लोग कई बार अपनी जान को खतरा बताकर समाधान की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक सुनवाई नहीं हुई है। इस संबंध में नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि मकानों में दरार आने का कारण पता कराकर समाधान किया जाएगा।