AMU: कैंपस में नशे में धुत कार सवारों ने छात्रों से की मारपीट, शिक्षक समेत तीन हिरासत में, भड़के एएमयू छात्र
एक स्विफ्ट कार एएमयू परिसर के भीतर तेज रफ्तार में दाखिल हुई। कार जब आर्ट्स फैकल्टी के पास पहुंची, तो वहां मौजूद कुछ छात्रों से टकरा गई। कार में सवार तीनों युवकों ने बाहर निकलने के बजाय बेसबॉल बैट निकाल लिए और छात्रों को धमकाने व उनके साथ हाथापाई करने लगे।
विस्तार
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी परिसर में 2 मई रात उस समय भारी तनाव फैल गया जब नशे में धुत केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक और दो बाहरी छात्रों ने अपनी कार से परिसर में उत्पात मचाया। मेरठ नंबर की इस कार पर भारत सरकार भी लिखा हुआ था। आरोपियों ने न केवल एएमयू के छात्रों को टक्कर मारी, बल्कि विरोध करने पर बेसबॉल बैट निकालकर उनसे मारपीट भी की। मौके पर पहुंची प्रॉक्टर टीम ने आरोपियों को कार सहित पकड़ा है। कार से शराब की बोतलें बरामद की हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
घटना 2 मई रात करीब 10:30 बजे की है। एक स्विफ्ट कार परिसर के भीतर तेज रफ्तार में दाखिल हुई। कार जब आर्ट्स फैकल्टी के पास पहुंची, तो वहां मौजूद कुछ छात्रों से टकरा गई। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन इस लापरवाही पर जब छात्रों ने कार को घेर लिया, तो स्थिति बिगड़ गई।
आरोप है कि कार में सवार तीनों युवकों ने बाहर निकलने के बजाय बेसबॉल बैट निकाल लिए और छात्रों को धमकाने व उनके साथ हाथापाई करने लगे। इसी बीच, छात्रों ने जब कार के अंदर देखा तो उसमें शराब और बियर की बोतलें बिखरी पड़ी थीं। नशे की हालत में बाहरी युवकों द्वारा कैंपस में घुसकर गुंडागर्दी करने से आक्रोशित छात्रों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस के हवाले किए गए कार सवार तीनों युवक
सूचना मिलते ही एएमयू की प्रॉक्टर टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को कार सहित सुरक्षा घेरे में लेकर प्रॉक्टर ऑफिस ले आई। पूछताछ से चौंकाने वाला खुलासा हुआ। कार चला रहा युवक रामघाट रोड क्षेत्र में रहता है और बुलंदशहर के एक केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक है। उसके साथ मौजूद दो अन्य युवक कक्षा 12 के छात्र हैं जो उसी स्कूल में पढ़ते हैं। इनमें से एक अतरौली और दूसरा स्वर्ण जयंती नगर का निवासी है। एएमयू के प्रॉक्टर प्रोफेसर मोहम्मद नवेद खान ने बताया कि आरोपी नशे की हालत में थे और उन्होंने कैंपस की शांति भंग करने के साथ-साथ छात्रों पर हमला किया। प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से थाना सिविल लाइन पुलिस को मामले की लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और कार को जब्त कर लिया गया है।
कार्ड पर लिखा मिला
आरोपी के पास से प्रोक्टर टीम को एक आई कार्ड मिला है, इस कार्ड पर गवर्नमेंट आफ इंडिया अंडर मिनिस्ट्री आफ एचआरडी डिपार्टमेंट ऑफ़ एजूकेशन लिखा है। इसके नीचे पद के साथ सेक्रेटेरिएट अस्सिटेंट लिखा है।
