Exit Polls: 2019 में अलीगढ़ और हाथरस का जो था एग्जिट पोल, वैसा ही रहा मतगणना का परिणाम
Exit Poll 2024: 18वीं लोकसभा के लिए 2024 चुनाव में सातवें और अंतिम चरण का मतदान पूरा हो गया है। 4 जून को मतगणना से पहले अब मतदाताओं की निगाहें एग्जिट पोल पर लग गई हैं। 2019 में अलीगढ़ और हाथरस लोकसभा सीट पर मतगणना से पहले आए एग्जिट पोल नतीजे के काफी नजदीक रहे। आइए जानते हैं कि आखिर 2019 के चुनाव में अलीगढ़ और हाथरस की सीट पर क्या थे एग्जिट पोल और क्या आया परिणाम...
विस्तार
2019 के लोकसभा चुनाव में मतदान के सभी चरण पूरे होने के बाद एग्जिट पोल में सत्ताधारी पार्टी की ओर झुकते नजर आए। अगर बात करें यूपी के अलीगढ और हाथरस लोकसभा सीट की तो यहां पर एग्जिट पोल भाजपा प्रत्याशियों के दो लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीतने की ओर इशारा कर रहे थे। जब परिणाम सामने आया तो दोनों ही सीटों पर एग्जिट पोल सटीक साबित हुआ। एग्जिट पोल दोनों ही सीटों को भाजपा के पाले में दिखा रहे थे और हुआ भी वही, अलीगढ़-हाथरस पर कमल खिला।
अलीगढ़ लोकसभा सीट: यूपी के पूर्व सीएम और राजस्थान-हिमाचल के राज्यपाल कल्याण सिंह की जन्म और कर्मस्थली अतरौली अलीगढ़ लोकसभा सीट में है। अलीगढ़ लोकसभा सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है। 2019 के लोकसभा चुनाव के नतीजे से पहले एग्जिट पोल में भाजपा के प्रत्याशी सतीश गौतम और बसपा के अजीत बालियान के बीच कांटे की टक्कर बताई गई। साथ ही दोनों के बीच दो लाख से अधिक वोटों का अंतर बताया गया था। मतगणना के परिणाम ने एग्जिट पोल को सही साबित किया। भाजपा के सतीश गौतम ने 656215 और बसपा के अजित बालियान ने 426954 वोट प्राप्त किए। यहां भाजपा ने 229261 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। सतीश गौतम दूसरी बार अलीगढ के सांसद बने।
हाथरस लोकसभा सीट: 2019 के लोकसभा चुनाव में हाथरस लोकसभा सीट से भाजपा ने चार बार के सांसद रहे किशन लाल दिलेर के पुत्र राजवीर सिंह दिलेर को टिकट दी। सपा से रामजी लाल सुमन मैदान में थे। एग्जिट पोल ने भाजपा के जीत की ओर इशारा किया था। यहां पर भाजपा और सपा के बीच कड़ी टक्कर और बड़े अंतर से जीत को एग्जिट पोल में तरजीह दी गई। ईवीएम की गिनती पूरी होते ही नतीजे एग्जिट पोल के अनुरूप आए। भाजपा के राजवीर सिंह दिलेर को 684299 और सपा के रामजीलाल सुमन को 424091 वोट मिले। भाजपा ने यहां दो लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की। चार बार पिता के सांसद रहने के बाद पुत्र को हाथरस का सांसद बनने का मौका मिला।
भाजपा का इस बार भी पलड़ा भारी, पर नतीजे चौंका सकते हैं
2024 में अलीगढ़ लोकसभा सीट की बात करें तो यहां भाजपा की टक्कर सपा और कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी से देखी जा रही है, जबकि अगर पिछले तीन चुनावों के इतिहास को देखें तो भाजपा की टक्कर बसपा से रही। इस बार भी भाजपा अपना जीत का इतिहास दोहरा सकती है, पर वोटों का अंतर कम रहने की संभावना जताई जा रही है। हाथरस लोकसभा सीट पर इस बार भाजपा, सपा और बसपा के प्रत्याशी लोकसभा क्षेत्र से बाहर के हैं, पर फिर भी भाजपा जीत का इतिहास दोहरा सकती है। 2019 के सांसद राजवीर सिंह दिलेर की आकस्मिक देहांत से भाजपा को भावनात्मक फायदा मिल सकता है।
अमर उजाला App और amarujala.com पर देखें सभी एग्जिट पोल
Amar Ujala Mobile App और amarujala.com पर सभी एजेंसियों के एग्जिट पोल एक जगह मिलेंगे। जैसे ही अलग-अलग चैनलों और एजेंसियों के एग्जिट पोल आने शुरू होंगे उन सभी को उसी वक्त आप अमर उजाला पर देख सकेंगे। सभी एग्जिट पोल का औसत यानी पोल ऑफ पोल्स में कहां किसकी सरकार बन सकती है। ये भी हम आपको बताएंगे। चुनाव के दौरान आने वाले ओपिनियन पोल से चुनाव बाद के एग्जिट पोल कितने बदले। किन राज्यों में किसे कितनी सीटें मिल सकती हैं। कहां मौजूदा सरकार पर लोग फिर से भरोसा जता सकते हैं। कहां सत्ता परिवर्तन हो सकता है? ये सब आपको Amar Ujala Mobile App और amarujala.com पर मिलेगा।