Aligarh: कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, रामघाट रोड पर पटरी सफाई-जलनिकासी में जुटे कर्मचारी
महाशिवरात्रि नजदीक है। कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है। रामघाट-नरौरा से कांवड़िया कांवड़ लेकर आ रहे हैं। रामघाट रोड पर गांव चौमुंहा, नरौना 12 नंबर, जमालगढ़ी, जिरोली धूमसिंह, पिलखुनी में गांवों की नालियों का खारिज पानी जमा है।
विस्तार
कांवड़ यात्रा को लेकर अलीगढ़ पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं। प्रशासन रामघाट कल्याण मार्ग पर पटरियों की सफाई, मार्ग प्रकाश और बिजली व्यवस्था का कार्य चल रहा है। गांव चौमुंहा, नरौना 12 नंबर, जमालगढ़ी, जिरोली धूमसिंह, पिलखुनी में रामघाट रोड के किनारे गांवों की नालियों का खारिज पानी जमा है। इससे शिव भक्तों को निकलने में परेशानी हो सकती है।
अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा लेकर थाना परिसर में नगरवासियों के साथ बैठक की। इसमें एसडीएम सुमित सिंह और सीओ राजीव द्विवेदी ने अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिए। पुलिस टीम शरारती तत्वों को चिह्नित कर रही है, जिससे शांति-सौहार्द के साथ कांवड़ यात्रा त्योहार को सकुशल कराया जा सके। सीओ ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा और उससे नियमित निगरानी भी होगी।
सोशल मीडिया पर निगरानी भी रखी जाएगी। मंदिरों पर भीड़ के दृष्टिगत पुलिस बल के साथ साथ महिला पुलिस की भी तैनाती रहेगी। नगर पालिका को जलनिकास और कांवड़ रूटों पर चूना छिड़काव और बिजली विभाग को लाइट, जर्जर तारों को समय पर ठीक करने आदेश दिए।
रामघाट रोड पर व्यवस्था दुरुस्त की जा रही हैं। सभी टीम लगी हैं। कांवड़ लेकर जाने वाले भक्तों को कोई परेशानी न हो इसका पूरा ध्यान रखकर समस्या दूर की जा रही है।-सुमित सिंह, एसडीएम अतरौली
कांवड़ यात्रा की लेकर सौंपा ज्ञापन
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए लोगों ने ज्ञापन दिया, जिसमें मांग की कि प्रमुख स्थलों और कांवड़ मार्ग पर साफ सफाई, ईंट पत्थर व उबड़-खाबड़ रास्ते ठीक और पथ प्रकाश की व्यवस्था की जाए। कांवड़ मार्ग अपर पुलिस बल की तैनाती हो। ज्ञापन देने वालो मे सुधीर वार्ष्णेय, जीतू पंडित, हिमांशु मित्तल गुप्ता, कृष्ण मोहन वार्ष्णेय, जितेन्द्र शर्मा, अंशुल भारद्वाज, अंशुल वार्ष्णेय, अशोक कुमार, डॉ. कमल किशोर आदि थे।
इन स्थानों पर भी है जलभराव
वहीं जिरौली धूमसिंह में लोहगढ़ मार्ग पर जलभराव से लोग परेशान है। रामबान सिंह, उदयपाल राघव, रवेंद्र यादव आदि ने शिकायत की कि बिजौली, नहल, लोहगढ़, सालारपुर, रजातऊ आदि गांवों में शिवालयों में जलाभिषेक को भक्त इसी मार्ग से गुजरेंगे लेकिन यहां जलभराव से शिवभक्तों का निकलना दूभर होगा। इसका समाधान हो।