Pakistani Handler: एटीएस से इनपुट पर अलीगढ़ में सख्ती, 100 से ज्यादा सियासी चेहरे रडार पर
2023-24 में एएमयू से जुड़े आईएस मॉड्यूल के 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। एनआईए और एटीएस की कार्रवाई में सामने आया था कि ‘सामा’ (स्टूडेंट्स ऑफ एएमयू) नामक संगठन के जरिए युवाओं को जोड़ने और देशविरोधी गतिविधियों को संचालित करने का प्रयास किया जा रहा था। सभी आरोपी फिलहाल जेल में हैं।
विस्तार
लखनऊ में पाकिस्तानी हैंडलर्स के इशारे पर काम करने वाले मॉड्यूल के चार संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद अलीगढ़ में पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं। पूछताछ में हुए खुलासों के आधार पर अलीगढ़ में 100 से अधिक सियासी लोगों और संदिग्धों की निगरानी बढ़ा दी है। इनमें विवादित बयान देने वाले नेता, पक्ष-विपक्ष के जनप्रतिनिधि और पूर्व में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहे लोग शामिल हैं।
अब तक की जांच में पता चला है कि गिरफ्तार संदिग्ध अलीगढ़, लखनऊ और गाजियाबाद में नेताओं की रेकी कर रहे थे। ये लोग धार्मिक द्वेष फैलाकर माहौल बिगाड़ने की साजिश में जुटे थे और लंबे समय से संवेदनशील स्थानों के वीडियो बनाकर अपने हैंडलर्स को भेज रहे थे। इस पर खूफिया विभाग ने यह जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है कि अलीगढ़ आए संदिग्धों का स्थानीय कनेक्शन क्या है?
जिन नेताओं के पास सुरक्षा है, उनके सुरक्षाकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि अन्य की निगरानी स्थानीय पुलिस और खुफिया इकाइयों के जरिए कराई जा रही है। इसके अलावा, पिछले दस वर्षों में जिले में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहे लोगों का रिकॉर्ड खंगालकर उनकी मौजूदा गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित कनेक्शन को समय रहते पकड़ा जा सके।
लखनऊ में हुई गिरफ्तारी के बाद हमारी टीमें सक्रिय हैं। जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा की समीक्षा के साथ-साथ संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। - नीरज जादौन, एसएसपी
कहां-कहां की रेकी, एजेंसियां खंगाल रहीं सुराग
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गिरफ्तार चारों संदिग्ध अलीगढ़ में किन-किन स्थानों पर गए और किन जगहों की रेकी की। उनके मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट, चैट और लोकेशन डिटेल के आधार पर नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। एजेंसियां यह भी जांच रही हैं कि वे अलीगढ़ में कहां ठहरे थे और किन स्थानीय लोगों के संपर्क में आए थे।
शिक्षण संस्थान भी रडार पर
पूछताछ में सामने आया है कि यह मॉड्यूल प्रमुख शहरों के शिक्षण संस्थानों में भी सक्रिय था। इसी के चलते अलीगढ़ विशेष निगरानी में है। 2023-24 में एएमयू से जुड़े आईएस मॉड्यूल के 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। एनआईए और एटीएस की कार्रवाई में सामने आया था कि ‘सामा’ (स्टूडेंट्स ऑफ एएमयू) नामक संगठन के जरिए युवाओं को जोड़ने और देशविरोधी गतिविधियों को संचालित करने का प्रयास किया जा रहा था। सभी आरोपी फिलहाल जेल में हैं। एजेंसियां पुराने नेटवर्क और नए इनपुट को मिलाकर संभावित कड़ियों की तलाश में जुटी हैं।