Prayagraj : चंदा चोरों के खिलाफ आप का हल्ला बोल, भिक्षा मांगकर चंपत राय को भेजा 420 रुपये का चेक
राम मंदिर ट्रस्ट में कथित भ्रष्टाचार और चंदे की अनियमितताओं के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रयागराज में भिक्षाटन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए चंपत राय के नाम 420 रुपया का प्रतीकात्मक चेक भेजा और मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग उठाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम आदमी पार्टी ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और ट्रस्ट की ओर से की गई जमीन खरीद में कथित अनियमितताओं तथा श्रद्धालुओं के चढ़ावे में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश प्रभारी सांसद संजय सिंह के आह्वान पर आयोजित भिक्षाटन कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं ने पत्थर गिरजाघर से सुभाष चौराहे तक मार्च निकालने का प्रयास किया।
जिलाध्यक्ष सर्वेश यादव के नेतृत्व और काशी प्रांत अध्यक्ष पवन तिवारी की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने हाथों में गमछा और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान "चंदा चोरों गद्दी छोड़ो", "राम भक्तों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान" और "श्रीराम के नाम पर भ्रष्टाचार बंद करो" जैसे नारे लगाए गए।
आप नेताओं ने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे और दान की राशि के उपयोग में भारी अनियमितताएं हुई हैं। जिलाध्यक्ष सर्वेश यादव ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण के लिए अपनी आस्था के साथ धन समर्पित किया था, लेकिन अब उसी धन के दुरुपयोग के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच चाहती है।
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जांच
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के नाम 420 रुपये का प्रतीकात्मक चेक तैयार कर भेजा। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह कदम कथित भ्रष्टाचार के विरोध का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा खरीदी गई कुछ जमीनों के मूल्य और वास्तविक बाजार दर में भारी अंतर है, जिसकी जांच आवश्यक है।
दावा किया कि राज्यसभा सांसद संजय सिंह पहले भी सरकारी दस्तावेजों और रजिस्ट्री रिकॉर्ड के आधार पर जमीन खरीद में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा चुके हैं। पार्टी का आरोप है कि कुछ जमीनों की खरीद बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर की गई, जिससे करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार की आशंका पैदा हुई है।
जिलाध्यक्ष सर्वेश यादव ने मांग की कि पूरे प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाएं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि ट्रस्ट से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों और व्यक्तियों की भूमिका की जांच हो। कार्यक्रम में पवन तिवारी, अंजनी कुमार मिश्रा, सौरभ सिंह, रेणुका राय, अरुण कुशवाहा, मोहम्मद अजमल, निखिल भारतीय, मोहम्मद शेरू, इंद्रेश चंद्र, गीता पटेल, शुभम केशरवानी, रितेश सिंह, रविंद्र श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।