Prayagraj : अतीक अहमद की 110 करोड़ की बेनामी संपत्ति कुर्क, जांच के लिए बनाई गई टीम
संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत प्रयागराज पुलिस ने मंगलवार को अतीक अहमद की करीब 110 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति कुर्क कर ली है। पुलिस आयुक्त न्यायालय, कमिश्नरेट प्रयागराज ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत प्रयागराज पुलिस ने मंगलवार को अतीक अहमद की करीब 110 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति कुर्क कर ली है। पुलिस आयुक्त न्यायालय, कमिश्नरेट प्रयागराज ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किया था। पुलिस के मुताबिक, यह संपत्ति अतीक अहमद ने अपराध से कमाए गए पैसों से खरीदी थी। इन संपत्तियों को मदन लाल भारतीया के नाम से बेनामी तरीके से दर्ज कराया गया था। यह कार्रवाई वर्ष 2020 में धूमनगंज थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे के आधार पर की गई है।
कुर्क की गई संपत्तियों में असदुल्लापुर भीटी, गौसपुर कटहुला और पीपलगांव की कुल 44 जमीनें शामिल हैं। यह करीब 20.38 बीघा है। इन जमीनों की सरकारी कीमत करीब 47.03 करोड़ और बाजार मूल्य लगभग 110 करोड़ रुपये आंकी गई है। मंगलवार को डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई पूरी की।
12.95 हेक्टेयर जमीन खरीद का खुलासा
सुनवाई के दौरान पुलिस ने न्यायालय में जमीन खरीद से जुड़े दस्तावेज और अन्य सबूत पेश किए। जांच में पता चला कि अतीक अहमद ने कुल 12.9544 हेक्टेयर जमीन खरीदी थी।इसकी सरकारी कीमत करीब 9.96 करोड़ रुपये थी। जबकि इसके लिए करीब 1.36 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। पुलिस के अनुसार, इन जमीनों को कम कीमत में खरीदकर मदन लाल भारतीया के नाम से बेनामी तरीके से दर्ज कराया गया था। इनकी बाजार कीमत करीब 250 करोड़ रुपये आंकी गई थी।
6.50 हेक्टेयर जमीन सरकार के खाते में दर्ज
एसडीएम सदर प्रयागराज ने मदन लाल भारतीया के नाम दर्ज 6.5003 हेक्टेयर जमीन को राज्य सरकार के बंजर खाते में दर्ज कर दिया है। यह कार्रवाई राजस्व नियमों के उल्लंघन के आधार पर की गई।
कुर्क की गई संपत्तियों की देखरेख के लिए थाना प्रभारी एयरपोर्ट को प्रशासक नियुक्त किया गया है। साथ ही इन संपत्तियों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अतीक की अन्य संपत्तियों की भी होगी जांच
प्रयागराज पुलिस ने अतीक और उसके सहयोगियों की अन्य संपत्तियों की जांच के लिए विशेष टीम बनाई है। यह टीम गैंग लीडर अतीक अहमद और उसके साथियों की ओर से अपराध से अर्जित अन्य संपत्तियों, भवनों और भूमि की जांच कर रही है।
जांच में अगर अपराध से अर्जित संपत्तियां सामने आती हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अतीक अहमद के खिलाफ 102 एफआईआर दर्ज थी। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और ऑर्म्स एक्ट समेत अन्य मामले शामिल थे।