Atiq Ahmed News : माफिया अतीक के रसूख से कानूनी शिकंजे तक... तीन साल में बदल गई पांचों बेटों की तस्वीर
Atiq Ahmed News Updates : कभी प्रयागराज के नामी स्कूल में पढ़ने वाले माफिया अतीक अहमद के पांचों बेटे आज अलग-अलग कानूनी मामलों, जेल, मुठभेड़ और पारिवारिक त्रासदियों के कारण सुर्खियों में हैं। उमेश पाल हत्याकांड के बाद तीन वर्षों में पूरे परिवार की तस्वीर पूरी तरह बदल गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
माफिया अतीक अहमद के पांचों बेटों की जिंदगी पिछले कुछ वर्षों में पूरी तरह बदल गई। कभी शहर के प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ने वाले अतीक के बेटे आज अलग-अलग कानूनी मामलों, जेल और हादसों के कारण चर्चा में हैं। उमेश पाल हत्याकांड के बाद परिवार के लगभग सभी सदस्य पुलिस और जांच एजेंसियों के रडार पर आए। चकिया से स्कूल जाने वाले अतीक के पांचों बेटे अलग-अलग रास्तों पर चले गए। एक की मुठभेड़ में मौत हुई। दो जेल में हैं। दो छोटे बेटों को परिवार और कानूनी परिस्थितियों के बीच अपना जीवन आगे बढ़ाना पड़ा। पिछले तीन वर्षों में अतीक परिवार की कहानी लगातार बड़े घटनाक्रमों से जुड़ी रही है। अतीक की पत्नी शाइस्ता भी फरार है। उस पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित किया है।
उमर अहमद: सबसे बड़ा बेटा, लखनऊ जेल में बंद
अतीक का सबसे बड़ा बेटा उमर अहमद शुरुआती दौर में पढ़ाई में तेज बताया जाता था। परिवार के अनुसार, वह आईएएस बनने की बात करता था। बाद में उसने कानून की पढ़ाई की। उमर का नाम कारोबारी से जुड़े एक मामले में सामने आया। उस पर अपहरण, मारपीट और रंगदारी जैसे आरोप लगे। सीबीआई ने भी मामले की जांच की। वर्तमान में उमर लखनऊ जेल में बंद है। उमेश पाल हत्याकांड के बाद अतीक परिवार पर कार्रवाई तेज हुई तो उमर भी जांच के दायरे में आया।
अली अहमद: दूसरा बेटा, झांसी जेल में निरुद्ध
अतीक का दूसरा बेटा अली है। उसका नाम भी कई आपराधिक मामलों में सामने आया। अली के खिलाफ रंगदारी और धमकी समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हैं। उमेश पाल हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्रवाई में अली भी घिरा। वर्तमान में वह झांसी जेल में बंद है। आबान की मौत के बाद उसके पैरोल पर बाहर आने की चर्चा शुरू हुई है।
असद अहमद: तीसरा बेटा, झांसी में एसटीएफ मुठभेड़ में जान गई
अतीक का तीसरे नंबर का बेटा असद था। उमेश पाल हत्याकांड के बाद उसका नाम सबसे ज्यादा चर्चा में आया। पुलिस के अनुसार, असद इस मामले में वांछित था। 13 अप्रैल 2023 को झांसी में एसटीएफ से हुई मुठभेड़ में असद और शूटर गुलाम मारे गए थे। असद की मौत के दो दिन बाद 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में पुलिस अभिरक्षा के दौरान अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या कर दी गई थी।
अहजम अहमद: चौथा बेटा, परिवार में बाहर मौजूद सदस्य
अहजम अतीक का चौथे नंबर का बेटा है। उमेश पाल हत्याकांड के बाद उसे और उसके छोटे भाई आबान को पुलिस ने चकिया इलाके में पकड़ लिया था। दोनों नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण गृह भेजे गए थे। करीब सात महीने तक वहां रहे। बाद में न्यायालय के आदेश पर दोनों को उनकी बुआ परवीन कुरैशी की देखरेख में सौंप दिया गया। अहजम फिलहाल परिवार के बाहर मौजूद सदस्यों में शामिल है और पढ़ाई कर रहा है।
आबान: सबसे छोटा बेटा, रील से चर्चा में आया, हादसे में मौत
आबान अतीक का सबसे छोटा बेटा था। उमेश पाल हत्याकांड के बाद उसे भी बाल संरक्षण गृह भेजा गया था। बाल गृह से बाहर आने के बाद वह बुआ के घर हटवा में रहा। सितंबर 2025 में वह नैनी जेल में बंद भाई अली से मुलाकात के दौरान चर्चा में आया। इसके बाद नवंबर 2025 में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील को लेकर धूमनगंज थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। छह अगस्त को झांसी में सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई।