प्रयागराज : शादी समारोह से लापता हुई वृद्धा का रेलवे लाइन पर क्षत-विक्षत मिला शव, रात भर खोजते रहे परिजन
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के गौसपुर कटहुला गांव के पास नई रेलवे लाइन पर सोमवार सुबह 75 वर्षीय वृद्धा का क्षत-विक्षत शव मिला। वह एक दिन पूर्व शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। परिजन रातभर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई पता नहीं चला।
विस्तार
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के गौसपुर कटहुला गांव के पास नई रेलवे लाइन पर सोमवार सुबह 75 वर्षीय वृद्धा का क्षत-विक्षत शव मिला। वह एक दिन पूर्व शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। परिजन रातभर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई पता नहीं चला। आशंका है कि रात में वह भटककर रेलवे लाइन पर पहुंच गईं और ट्रेन की चपेट में आ गईं। सूचना पर पहुंचे बेटे ने शव की पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मूलरूप से कौशाम्बी के करारी थाना क्षेत्र के पारा हसनपुर गांव निवासी इलियास अहमद के मुताबिक, वह रविवार को अपनी मां सफिया बेगम को लेकर एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के गौसपुर कटहुला गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए। समारोह के दौरान उनकी मां अचानक लापता हो गईं। आसपास काफी तलाश की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद शाम को थाने पहुंचकर गुमशुदगी की तहरीर दी।
सोमवार सुबह दिल्ली-हावड़ा रूट की नई रेलवे लाइन पर एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली। जानकारी होने पर इलियास परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपनी मां सफिया बेगम के रूप में की। एयरपोर्ट थाना प्रभारी वैभव सिंह ने बताया कि आशंका है कि वृद्धा भटककर रेलवे लाइन की ओर पहुंच गई थीं और ट्रेन की चपेट में आ गईं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
