Holi 206 : भद्रा पुच्छ काल में होगा होलिका दहन, आठ दिनों का होलाष्टक शुरू
फाल्गुन मास की अष्टमी तिथि से होलाष्टक की शुरुआत हो चुकी है। पं. विनय मिश्रा के अनुसार, होलाष्टक के आठ दिनों में विवाह, गृह प्रवेश और उपनयन जैसे मांगलिक कार्य टालने की सलाह दी जाती है, हालांकि गंगा-यमुना के मध्य क्षेत्र में यह दोष मान्य नहीं है।
विस्तार
फाल्गुन मास की अष्टमी तिथि से होलाष्टक की शुरुआत हो चुकी है। पं. विनय मिश्रा के अनुसार, होलाष्टक के आठ दिनों में विवाह, गृह प्रवेश और उपनयन जैसे मांगलिक कार्य टालने की सलाह दी जाती है, हालांकि गंगा-यमुना के मध्य क्षेत्र में यह दोष मान्य नहीं है। इस अवधि में जप, तप, दान और भगवान की आराधना का विशेष महत्व है। दो मार्च की रात 12:50 से 2:02 बजे के बीच भद्रा के पुच्छ काल में होलिका दहन किया जाएगा। पं. मिश्रा ने बताया कि तीन मार्च को पूर्णिमा के दिन दोपहर 3:20 से 6:47 तक चंद्रग्रहण रहेगा। ग्रहण के कारण सूतक रहेगा जो सुबह छह बजे से प्रभावी हो जाएगा। इस स्थिति में तीन मार्च को शाम 6:47 बजे के बाद होली खेल सकते हैं।
होली पर नई परंपरा की अनुमति नहीं : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने सभी मातहतों संग सभी एसीपी को अपने-अपने क्षेत्रों में होलिका दहन स्थलों का भ्रमण कर निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजकों के साथ बैठक कर सौहार्द बनाए रखा जाए। किसी भी दशा में मिलावटी पदार्थों की बिक्री रोकने के साथ किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं, अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखकर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने संगम सभागार में पीस कमेटी के साथ अन्य संस्थाओं से जुड़े लोगों सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि मार्च में होली, रमजान, ईद के साथ नवरात्र समेत कई त्योहार हैं। होलिका दहन स्थल परिवर्तित किए जाने के लिए सभी पक्षों की सहमति हो।
होलिका दहन से सार्वजनिक आवागमन बाधित न हो, इसका ध्यान रखा जाए। बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत साउंड सिस्टम को धीमी आवाज में ही बजाने के लिए कहा गया। होलिका दहन से पूर्व थानावार बैठकें की जाएं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भ्रमणशील रहें। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयां और चिकित्सकों की उपस्थिति रहे। अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा ने पीस कमेटी व अन्य संगठनों के पदाधिकारियों से त्योहारों पर सहयोग प्रदान करने के लिए कहा। उन्होंने संवेदनशील स्थालों का भ्रमण करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखें जिससे कोई अफवाह न फैले। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत, पीस कमेटी, सिविल डिफेंस, जिला अपराध निरोधक समिति, टेंपो-टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।
