प्रयागराज : वीआईपी ड्यूटी से गायब मिले नौ दरोगा और 40 पुलिसकर्मी, सीपी ने किया लाइन हाजिर
हाईकोर्ट में 14 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम के दौरान वीआईपी ड्यूटी में लापरवाही बरतना 40 पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए थे।
विस्तार
हाईकोर्ट में सोमवार को आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान वीआईपी ड्यूटी से लापता नौ दरोगा समेत 44 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। ड्यूटी के लिए बनाई गई बी टीम में शामिल पुलिसकर्मी मौके पर नहीं मिले। यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त विजय ढ़ुल के आदेश पर की गई। वीआईपी कार्यक्रम को लेकर जिले के अलग-अलग थानों से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें पुलिसकर्मियों को बी टीम में रखा गया था। इस टीम को स्टैंडबाई में रखा गया था।
आमद दर्ज कराने के बाद बी टीम में शामिल कई पुलिसकर्मी निर्धारित स्थान पर मौजूद नहीं थे। कार्यक्रम के दौरान जब स्टैंडबाई टीम की जरूरत पड़ी तो अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों की तलाश कराई। इस दौरान उक्त सभी पुलिसकर्मी मौके पर नहीं थे। पुलिस उपायुक्त प्रोटोकॉल ने मंगलवार को इस संबंध में रिपोर्ट दी गई।
स्टैंडबाई टीम की जिम्मेदारी भी अहम
वीआईपी ड्यूटी में तैनात हर पुलिसकर्मी के लिए निर्धारित अवधि तक ड्यूटी स्थल पर मौजूद रहना जरूरी होता है। स्टैंडबाई टीम की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण होती है क्योंकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में इसी टीम को तत्काल तैनात किया जाता है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो और पुलिसकर्मी ड्यूटी के प्रति गंभीर रहें, इसी उद्देश्य से 44 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।
इन थानों के पुलिसकर्मी कार्रवाई की जद में
लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों में शिवकुटी, जॉर्जटाउन, पूरामुफ्ती, कौंधियारा, कोरांव, अतरसुइया, कर्नलगंज, मेजा, खुल्दाबाद, समन सेल और औद्योगिक क्षेत्र थाने में तैनात पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनमें अलग-अलग पदों पर तैनात दरोगा, मुख्य आरक्षी और आरक्षी शामिल बताए जा रहे हैं।