Prayagraj: निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार ने कोर्ट जाने के दिए संकेत, लीगल टीम कर रही नोटिस का अध्ययन
यूजीसी के नए नियम और मौनी आमवस्या पर माघ मेले में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान के विरोध में इस्तीफा देने वाले बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट रहे अलंकार अग्निहोत्री ने अपने निलंबन के खिलाफ न्यायालय की शरण में जाने के संकेत दिए हैं।
विस्तार
यूजीसी के नए नियम और मौनी आमवस्या पर माघ मेले में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान के विरोध में इस्तीफा देने वाले बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट रहे अलंकार अग्निहोत्री ने अपने निलंबन के खिलाफ न्यायालय की शरण में जाने के संकेत दिए हैं। सोमवार को प्रयागराज आए अलंकार अग्निहोत्री ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के कुछ अधिवक्ताओं से मुलाकात के बाद मीडिया से कहा कि उनकी लीगल टीम निलंबन को लेकर दिए गए नोटिस का अध्ययन कर रही है। इसके बाद ही वह अगला कदम उठाएंगे।
हालांकि, अपना इस्तीफा वापस लेने की किसी भी संभावना से उन्होंने इन्कार किया है। रविवार को वाराणसी में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात के बाद सोमवार को प्रयागराज पहुंचे अलंकार अग्निहोत्री ने एससी-एसटी कानून को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कहा कि एससी-एसटी कानून सामान्य वर्ग के लिए पूरी तरह से काला कानून है। उन्होंने एससी-एसटी एक्ट खत्म करने के लिए केंद्र सरकार से छह फरवरी तक विशेष सत्र बुलाए जाने की मांग की है।
कहा कि अगर छह फरवरी तक सरकार विशेष सत्र नहीं बुलाती है तो सात फरवरी को वह दिल्ली कूच करेंगे। देशभर से बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों के लोग भी उनके समर्थन में उतरकर एससी-एसटी कानून का विरोध करेंगे। अलंकार अग्निहोत्री ने फिलहाल किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ने की बात से इन्कार किया है।
