विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। अलीगंज के आसोपुर पकवा निवासी सुभाष यादव (45) की सोमवार दोपहर सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया।
पिता भगवानदीन के मुताबिक उनका बेटा सुभाष मजदूरी करता था। उसके तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी दिव्यांशी (7), आदित्य (4) और सबसे छोटा बेटा आर्यन डेढ़ साल का है। सोमवार की सुबह वह घर से भैंस लेकर निकले थे। गांव के करीब 500 मीटर दूर साहबाग गांव के निकट सरयू नदी में दोपहर 12:30 बजे भैंस नहाने के लिए उतर गई। उसके पीछे सुभाष भी नदी में उतरे, लेकिन नदी किनारे जलकुंभी के चलते वह नदी की गहराई को भांप नहीं सके और गहरे पानी में समाने लगे।
चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग उनकी मदद के लिए पहुंचते तब तक गहरे पानी में डूब चुके थे। स्थानीय गोताखोरों ने करीब आधे घंटे बाद एक बजे उन्हें नदी से बाहर निकला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी पुष्पा अचेत हो गईं। तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम छाया हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजवाया गया है।