AmbedkarNagar News: लकड़ी व्यवसायी की हत्या मामले में नया मोड़, एक आरोपी का भी मर्डर; लूट-रंजिश में उलझी पुलिस
अंबेडकरनगर में लकड़ी व्यवसायी की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। घटना में शामिल एक आरोपी का भी मर्डर हो गया है। लूट या रंजिश में हत्या की आशंका है। अभी तीसरा साथी फरार है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
यूपी के अंबेडकरनगर में लकड़ी व्यवसायी एवं समाजसेवी सुरेंद्र मांझी की हत्या के मामले में नया ट्विस्ट आ गया है। सुरेंद्र की सोने की चेन, अंगूठियां व दो लाख रुपये भी गायब हैं। वहीं, हत्या में शामिल अरविंद प्रजापति की बुधवार को जहर देकर हत्या कर दी गई। उसकी लाश अकूतनगर नहर के किनारे मिली थी। अब सुरेंद्र की हत्या लूट, रंजिश और सबूत मिटाने के इरादे से अरविंद की हत्या के चक्रव्यूह में फंस गई है। दूसरी तरफ घटना में शामिल अरविंद का साथी चंदू अभी लापता है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
मामला टांडा कोतवाली इलाके के जनार्दनपुर गांव का है। दरअसल, यहां मंगलवार दोपहर नेहरूनगर निवासी लकड़ी व्यवसायी सुरेंद्र मांझी (50) को खेत में बुलाकर धारदार हथियार से सिर, चेहरे और गर्दन पर वार करके लहूलुहान कर दिया गया। उसके गुप्तांग पर भी वार किए गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर ले जाया गया। वहां उनकी मौत हो गई। उनके पास से दो सोने की चेन, दो अंगूठियां व करीब दो लाख रुपये गायब हैं।
पुलिस कर रही थी तलाश.... तभी मिली लाश
एसपी अभिजीत आर. शंकर कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया। टीमें सुरेंद्र को फोन करके घटनास्थल पर बुलाने वाले मजदूर अरविंद प्रजापति निवासी पूरा एकडल्ला की तलाश कर ही रहीं थी। अरविंद की पत्नी गीता देवी को हिरासत में भी लिया गया।
इसी बीच बुधवार सुबह अरविंद का शव इस्माइलपुर बेलदहा के पुरवा अकूतपुर नहर के पास मिला। इसकी जानकारी लगते ही पुलिस के होश उड़ गए। एएसपी पश्चिमी, सीओ टांडा मौके पर पहुंचे। अरविंद के मुंह से खून निकल रहा था। पास में शराब की बोतल पड़ी थी।
तीसरे साथी की तलाश जारी
अब पुलिस अरविंद के साथी छांगुरपुर मिश्रौलिया निवासी चंदू को तलाश किया जा रहा है। एसपी अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। मृतक अरविंद के हत्या में शामिल होने के पुख्ता सबूत मिले हैं। एक अन्य साथी चंदू की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।
