भीटी (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज हवा के साथ हुई बारिश के दौरान ईंट की दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से (65) वर्षीय वृद्धा मंजा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला और तत्काल सीएचसी भीटी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
अढ़नपुर बाजार निवासी मंजा देवी रविवार दोपहर करीब तीन बजे घर में खाना खा रही थीं। इसी दौरान तेज बारिश और हवा के बीच घर की ईंट की दीवार अचानक ढह गई। दीवार के मलबे में दबकर वह गंभीर रूप से घायल हो गईं, उनका पैर कट गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला। ग्रामीण उपचार के लिए अस्पताल ले गए। ग्रामीणों के मुताबिक, पड़ोसी के मकान निर्माण के लिए हाल में गहरे गड्ढे की खोदाई कराई गई थी। बताया जा रहा है कि इसी वजह से दीवार की नींव कमजोर हो गई थी। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। क्षेत्र में हुई तेज बारिश के दौरान दीवार गिरने की घटना से आसपास के लोगों में भी चिंता है।