AmbedkarNagar News: शाम को देवर से हुई कहासुनी, सुबह मायकेवालों को मिली बेटी की मौत की खबर; पुलिस कर रही जांच
अंबेडकरनगर में शाम को देवर से कहासुनी होने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत हो गई। मायकेवालों ने देवर पर हत्या करने का आरोप लगाया है। कहा कि पूछने पर सास बार बार अपने बयान बदलती रही। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
यूपी के अंबेडकरनगर में शुक्रवार की रात विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घरवालों ने देवर पर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करके जानकारी जुटाई। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कटका थाना क्षेत्र के बलईपुर गांव की है। गांव निवासी विवाहिता विजयलक्ष्मी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने देवर पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी घर से भागा हुआ है।
10 साल पहले हुई थी शादी
मूल रूप से आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के पनकरपुर गांव निवासी जयप्रकाश मिश्रा ने अपनी पुत्री विजयलक्ष्मी का विवाह 10 वर्ष पूर्व कटका क्षेत्र के बलईपुर निवासी विकास कुमार के साथ किया था। उन्होंने बताया कि दिन में पुत्री से बात हुई थी। लेकिन, रात 10 बजे फोन न लगने पर चिंता हुई। शनिवार सुबह पुत्री की मौत की खबर मिली।
खबर पाकर वह पुत्री के घर पहुंचे तो सास सावित्री देवी ने बताया कि विजयलक्ष्मी को हार्ट अटैक आया था। जब इलाज के बारे में पूछा गया तो वे आनाकानी करने लगीं। परिजनों ने देखा कि विजयलक्ष्मी की गर्दन पर काले रंग का घेरा बना हुआ था। इसके बारे में पूछने पर सास ने बताया कि शाम को बहू ने सबके लिए खाना बनाया था। भोजन के समय सोनू और बहू के बीच बच्चों को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद बहू कमरे में चली गई और काफी देर तक बाहर नहीं आई। दरवाजा खोलने पर पंखे से उसका शव लटका मिला।
