अमेठी सिटी। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस पदाधिकारियों ने शंकराचार्य के समर्थन में सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय की सड़कों व कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस दौरान ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्यों के साथ हो रही कथित प्रताड़ना का विरोध किया।
जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि सरकार असहमति की आवाज दबाने की नीति पर चल रही है। इसी क्रम में सनातन परंपरा के प्रतिष्ठित शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को परेशान किया जा रहा है। नेताओं ने प्रयागराज में कुंभ के दौरान हुई घटनाओं का उल्लेख किया। मौनी अमावस्या पर शंकराचार्य को स्नान से रोकना निंदनीय बताया। बटुकों की चोटी खींचकर अपमानित करना और थाने ले जाकर उत्पीड़न करना भी गलत ठहराया।
कहा कि बाद में शंकराचार्य और उनके शिष्य स्वामी मुकुंदानंद ब्रह्मचारी पर यौन शोषण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई। यह पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े करती है। पदाधिकारियों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। कांग्रेस ने धार्मिक स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित करने की बात कही। इस मौके पर डॉ. अरविंद चतुर्वेदी, प्रवक्ता अनिल सिंह, विजय पासी, रामदत्त यादव, अनूप श्रीवास्तव, शुभम सिंह, महिला अध्यक्ष ममता पांडेय, ब्लॉक प्रमुख सदाशिव यादव आदि मौजूद रहे।