Amroha: पांच लाख की फिरौती के लिए किसान का अपहरण, जंगल में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, दो के टांग में लगी गोली
अमरोहा के रजबपुर क्षेत्र में अपहृत दीपांशु चौहान को पुलिस ने कालाखेड़ा के जंगल में बदमाशों के चंगुल से छुड़ा लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने युवक को छोड़ने के बदले पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रजबपुर क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में अपहृत दीपांशु चौहान को सकुशल छुड़ा लिया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों की टांग में गोली लग गई। घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
मुठभेड़ रविवार रात करीब 11:30 बजे गांव कालाखेड़ा के जंगल में हुई। एसपी लखन सिंह ने बताया कि नौगावां सादात क्षेत्र के गांव मुस्तफापुर नवादा निवासी दीपांशु चौहान शनिवार को रजबपुर क्षेत्र में अपने दोस्त अनुज के साथ एचपी गैस प्लांट के पास स्थित स्टार गेस्ट हाउस में बैठा हुआ था।
इसी दौरान बोलेरो सवार कुछ लोग दीपांशु को जबरन उठाकर ले गए थे। बताया गया कि अपहरण के बाद दीपांशु के मोबाइल नंबर से उसके दोस्त अनुज के पास कॉल आई, जिसमें युवक को छोड़ने के बदले पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और प्राथमिकी दर्ज कर अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी गई। रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि अपहरणकर्ता दीपांशु को लेकर कालाखेड़ा के जंगल में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। तीसरे आरोपी को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। चौथा आरोपी फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संभल जिले के थाना धनारी क्षेत्र के गांव मानकपुर निवासी विजेंद्र, थाना बनियाठेर क्षेत्र निवासी धर्मेंद्र तथा मुरादाबाद जिले के बिलारी थाना क्षेत्र के गांव सरथल निवासी योगेश पाल के रूप में हुई है।
घायल विजेंद्र और धर्मेंद्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, तीन मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त फ्रॉन्क्स कार बरामद की है। एसपी ने बताया कि फरार आरोपी झम्मन निवासी अकबरपुर थाना गुन्नौर जनपद संभल की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।