आजमगढ़। जनपद में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए आजमगढ़ पुलिस ने पुलिस की दस्तक, अपराधी के घर तक अभियान शुरू किया है।
एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत नगर सर्किल के 335 हिस्ट्रीशीटरों की सघन निगरानी और सत्यापन किया जा रहा है। इसके लिए जनपद में 46 पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि पुलिस टीमें अपने-अपने थाना क्षेत्रों में हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन कर रही हैं। साथ ही उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि दोबारा अपराध में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत नगर सर्किल में कुल 335 हिस्ट्रीशीटर चिह्नित किए गए हैं। इनमें कोतवाली थाना क्षेत्र के 106, सिधारी के 87, रानी की सराय के 80 और कंधरापुर के 62 हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं। सभी की नियमित निगरानी की जा रही है और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है।