आजमगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में बृहस्पतिवार को भाजपा महिला मोर्चा ने अध्यक्ष बबिता जसरासरिया के नेतृत्व में रिक्शा स्टैंड पर धरना दिया। हमीरपुर के सपा सांसद के बयान को शर्मनाक बताते हुए सार्वजनिक माफी मांगने की मांग किया। इसके बाद सपा के खिलाफ नारेबाजी करते कलेक्ट्रेट पहुंचीं। वहां राज्यपाल को संबाेधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
पूर्व सांसद संगीता आजाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना पूरे देश का अपमान है। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे बयानों को कभी स्वीकार नहीं करेगी। महिला आरक्षण का विरोध करने वालों को पंश्चिम बंगाल की महिलाओं ने सबक सीखा दिया है। पूर्व विधायक वंदना सिंह ने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि पूरे देशवासियों और भारतीय लोकतंत्र का भी अपमान है। जब विपक्ष के पास विकास और जनहित के मुद्दों पर बोलने के लिए कुछ नहीं बचता, तब वह अमर्यादित भाषा का सहारा लेता है। सांसद को अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
बबिता जसरासरिया ने सांसद के बयान की निंदा की और कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन लोकतांत्रिक मर्यादा और भाषा की गरिमा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। महिला मोर्चा ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से सांसद अजेंद्र की पार्टी सदस्यता समाप्त करने की मांग किया। धरने में विभा बर्नवाल, ऊषा आर्या, मिथिलेश पांडेय, वंदना गुप्ता, रानी चौरसिया, अनीता सिंह आदि मौजूद थीं।