जहानागंज । तीन माह से बकाया मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को नगर पंचायत में सफाई कर्मियों ने कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलन के कारण क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। मुस्तफा, जुम्मन, भजन, शकील, तबरेज, कैलाश और संदीप आदि सफाई कर्मियों का कहना है कि उन्हें फरवरी से भुगतान नहीं मिला है।
वर्तमान में उन्हें 422 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मानदेय दिया जाता है, जबकि शासन द्वारा निर्धारित दर 477 रुपये प्रतिदिन है। कर्मचारियों ने नगर पंचायत प्रशासन पर दुर्व्यवहार और समस्याओं की अनदेखी का भी आरोप लगाया। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पंचायत में 71 सफाई कर्मियों का मानदेय बनाया जाता है, जबकि वास्तव में केवल 47 कर्मचारी ही कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और बकाया भुगतान की मांग की है। धरने में शामिल कर्मियों ने बताया कि मानदेय ही उनके परिवार, बच्चों की पढ़ाई और घर खर्च का मुख्य सहारा है। समय पर भुगतान न होने से आर्थिक संकट गहरा गया है। वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विक्रम कुमार ने कहा कि पूर्व अधिकारी के समय से वेतन लंबित था। मार्च और अप्रैल का वेतन भेज दिया गया है और कर्मचारियों के खातों में जल्द राशि पहुंच जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मानदेय बढ़ाने के लिए नया टेंडर आवश्यक होगा।