आजमगढ़ में मंत्री ओपी राजभर: विपक्ष पर जमकर बरसे, बोले- गैस की कोई कमी नहीं, 24 घंटे हो रही बिजली आपूर्ति
Azamgarh News: कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है। जिनके पास पर्याप्त गैस सिलिंडर है वही बार- बार लाइन लगा रहा हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार सुबह अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में ‘जनता दरबार’ लगाकर क्षेत्रीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने मौजूद अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शिकायतों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
जनता दरबार के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री राजभर ने कहा कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है। जिन परिवारों के पास पर्याप्त सिलिंडर हैं, वही बार-बार लाइन में लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर एक सिलिंडर 30 दिन तक चलता है और सरकार की व्यवस्थाएं आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं।
बिजली आपूर्ति को लेकर उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले बिजली आने का कोई निश्चित समय नहीं होता था, जबकि वर्तमान सरकार में शहरों में 24 घंटे, तहसील क्षेत्रों में 20 घंटे और ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
इसे भी पढ़ें; Mau News: सरकारी राशन की दुकान को चोरों ने बनाया निशाना, ताला तोड़कर पिकअप से उठा ले गए राशन
मंत्री ने समाजवादी पार्टी सहित अन्य विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए मुद्दों को हवा देते हैं। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अब अपराधियों के खिलाफ बिना भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने पूर्व सरकारों के समय दंगों और अव्यवस्थाओं का भी जिक्र किया।
मंत्री ने कहा कि किसी भी युद्ध का असर पड़ोसी देशों पर पड़ता है और भारत इसको लेकर पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में गांवों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है, कच्चे मकानों की जगह पक्के घर बने हैं और मूलभूत सुविधाएं लोगों तक पहुंची हैं। हमारी सरकार का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। जनता की हर समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता है। जनता दरबार के दौरान स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।