आजमगढ़। बाजार में प्लास्टिक से बने दैनिक उपयोग के सामानों की कीमतों में उछाल आया है। काॅमर्शियल सिलिंडर और प्लास्टिक दाना की कमी के चलते उत्पादन प्रभावित हुआ है। इसका सीधा असर बाजार पर पड़ा है। दुकानदारों की माने तो कुछ हफ्तों में प्लास्टिक उत्पादों के दामों में करीब 10 से 20 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।
बाजार में प्लास्टिक की बाल्टी, मग, बोतल, टब और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं अब पहले की तुलना में महंगी बिक रही हैं। दुकानदारों का कहना है कि फैक्ट्रियों में कच्चे माल की उपलब्धता घटने और उत्पादन लागत बढ़ने के कारण कंपनियों ने रेट बढ़ा दिए हैं, जिससे खुदरा बाजार में भी कीमतें बढ़ गई हैं। दुकानदार मोहन गुप्ता ने बताया कि पहले जो प्लास्टिक की सामान्य बाल्टी 120 से 140 रुपये में मिल जाती थी, वही अब 140 से 170 रुपये तक पहुंच गई है। इसी तरह प्लास्टिक मग की कीमत 25 से 30 रुपये से बढ़कर 30 से 40 रुपये हो गई है।
पानी की प्लास्टिक बोतलें, जो पहले 20 से 25 रुपये में मिलती थीं, अब 25 से 35 रुपये तक बिक रही हैं। चलनी, छननी आदि के दाम भी बढ़े हैं। दुकानदार सुरेश जायसवाल ने बताया कि बड़े आकार के प्लास्टिक के टब और ड्रमों की कीमतों में भी 50 से 100 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। फ्रीज बोतल 150 से 180 रुपये हो गए हैं। प्लास्टिक दाना, जो इन उत्पादों का मुख्य कच्चा माल है, उसकी उपलब्धता में कमी और दामों में इजाफा होने से लागत और बढ़ गई है।