Baghpat: वायुसेना जवान की सड़क हादसे में मौत, बिलखते रहे परिजन, पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार
बागपत के छपरौली क्षेत्र के लूंम्ब गांव निवासी भारतीय वायुसेना के जवान मोनू चौहान की राजस्थान के बीकानेर में सड़क हादसे में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में बाइक के पशु से टकराने के बाद हादसा होने की बात सामने आई है। जवान का पार्थिव शरीर गुरुवार को पैतृक गांव पहुंचेगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागपत जनपद के छपरौली में लूंम्ब गांव निवासी भारतीय वायुसेना के जवान मोनू चौहान (28) की राजस्थान के बीकानेर जिले में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा बीकानेर के नाल थाना क्षेत्र में जैसलमेर राजमार्ग स्थित डेलू माता मंदिर के पास हुआ। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बाइक से बीकानेर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मोनू चौहान मंगलवार रात बाइक से बीकानेर लौट रहे थे। इसी दौरान डेलू माता मंदिर के पास उनकी बाइक किसी पशु से टकरा गई। टक्कर के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसे में उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल मार्केट मामला: महिलाओं के धरने पर पुलिस का पहरा, राज्यपाल से मिलने की आशंका में तीन दिन घरों में रोका
2018 में वायुसेना में हुए थे भर्ती
मोनू चौहान वर्ष 2018 में भारतीय वायुसेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जवान अपने पीछे पत्नी और एक वर्ष की मासूम बेटी छोड़ गए हैं।
राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
परिजनों के अनुसार, मोनू चौहान का पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे रमाला बस स्टैंड पहुंचेगा। यहां से श्रद्धांजलि जुलूस के साथ पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव लूंम्ब ले जाया जाएगा। इसके बाद जवान का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने जवान के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।