Baghpat: गांजा बेचने से रोकने पर हिस्ट्रीशीटर ने दंपती पर किया हमला, दोनों घायल
बागपत की माता कॉलोनी में गांजा बेचने से रोकने पर हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ दंपती पर हमला कर दिया। दोनों घायलों का उपचार सीएचसी में कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
बागपत की माता कॉलोनी में गांजा बेचने का विरोध करने पर हिस्ट्रीशीटर ने दंपती पर हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी दोनों घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित शकील के अनुसार, उसके पड़ोस में रहने वाला एक हिस्ट्रीशीटर लंबे समय से अपने घर से ही गांजा बेचने का काम करता है। उसके घर पर दिनभर नशेड़ी आते-जाते रहते हैं, जिन पर कॉलोनी के लोगों ने कई बार महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप भी लगाए हैं।
यह भी पढ़ें: UP: संदीप ने नाम बदल मुहब्बत को बुलाया था होटल, व्हाट्सएप चैट से नया मोड़; विदेशी लड़कियों को बुलाता था मेरठ
बेटे से मारपीट के बाद घर में घुसकर किया हमला
शकील ने बताया कि शनिवार शाम गली में कुछ नशेड़ी बैठकर हंगामा कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो कुछ देर बाद उनके बेटे सुहेब के साथ मारपीट कर दी गई। शोर सुनकर शकील अपने बेटे को बचाने पहुंचा और उसे लेकर घर आ गया।
कुछ समय बाद हिस्ट्रीशीटर अपने तीन-चार साथियों के साथ लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर शकील के घर में घुस गया और हमला कर दिया। हमले में शकील के सिर पर धारदार हथियार लगने से वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
पत्नी पर भी किया हमला, पुलिस से शिकायत पर धमकी
घटना के दौरान शकील की पत्नी नसरीन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। घटना के बाद जब पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की तो हिस्ट्रीशीटर ने गोली मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तीन-चार वीडियो भी सौंपे हैं। इन वीडियो में हिस्ट्रीशीटर के घर के बाहर उसके बच्चे गांजा बेचते हुए दिखाई दे रहे हैं। पड़ोसियों का आरोप है कि पहले भी पुलिस को ऐसे वीडियो भेजे गए थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामले में जांच अधिकारी वीरेंद्र सिंह का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
