बलिया। विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस पर सोमवार को वृद्धाश्रम गड़वार में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बुजुर्गों को उनके अधिकारों, संरक्षण एवं कल्याण से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव सुश्री गार्गी शर्मा के निर्देश के क्रम में आयोजित किया गया। पैरालीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) ने उपस्थित बुजुर्गों को उनके अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया। पीएलवी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 15 जून को विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बुजुर्गों के साथ होने वाले मौखिक, शारीरिक और भावनात्मक दुर्व्यवहार के प्रति समाज को जागरूक करना है। वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान करना, उनकी भावनाओं को समझना और उनके साथ प्रेमपूर्ण व्यवहार करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम में लोगों से अपने बुजुर्गों के साथ समय बिताने, उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखने तथा उनके प्रति संवेदनशील रहने की अपील की गई। साथ ही बुजुर्गों को संरक्षण एवं कल्याण से जुड़े विभिन्न कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया गया। इस अवसर पर पीएलवी बबन सिंह, विमलेश कुमार, शिव सागर सिंह एवं दीप्ति उपस्थित रहे।